सपा सांसद के पीएम मोदी को गाली देने का वीडियो हुआ वायरल, BJP ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद यूपी में राजनीतिक विवाद बढ़ गया है. बीजेपी ने इसे सपा की राजनीतिक संस्कृति बताते हुए अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में बीजेपी और सपा के बीच एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है और इसकी वजह है सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा पीएम मोदी को अपशब्द कहना. महोबा कलेक्ट्रेट पर समाजवादी पार्टी द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान सांसद अजेंद्र सिंह लोधी शब्दों की मर्यादा भूल गए और उन्होंने पीएम मोदी को गाली तक दे डाली. वही अब इस मामले को लेकर बीजेपी ने सपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
आरोप लगाने के क्रम में भूले शब्दों की मर्यादा
दरअसल, सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता अपने 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट पहुंचे थे. इस दौरान जब वो मीडिया के सामने आये तो बीजेपी और केंद्र सरकार पर आरोपों की झड़ी लगा दी. पीएम मोदी पर हमले के क्रम में वो अमर्यादित हो गए और बेहद अशोभनीय भाषा का उन्होंने इस्तेमाल किया. पीएम मोदी को देश विरोधी करार देते हुए उन्होंने गाली तक दे डाली. सपा सांसद का ये वीडियो अब वायरल हो रहा है. सपा सांसद के इस व्यवहार की नेटिजन्स जमकर आलोचना कर रहे हैं. वही बीजेपी ने भी अब इस मामले को लेकर सपा पर हमले तेज कर दिए हैं.
बंगाल चुनाव के नतीजों को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना
हाल ही में संपन हुए बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर भी उन्होंने केंद्र और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत को धोखा करार दिया और कहा कि सीटें जीती नहीं गई बल्कि हड़पी गई है. उन्होंने आरोप लगाए कि SIR प्रक्रिया के तहत लाखों मतदाताओं के नाम काट दिए गए गए और फिर रातों-रात ईवीएम मशीनों को बदल दिया गया. प्रदर्शन के दौरान सपा ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी विरोध जताया.
बीजेपी ने सपा आलाकमान पर खड़े किए सवाल
वही सपा सांसद के इस अशोभनीय व्यवहार को लेकर बीजेपी ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. सपा सांसद के बयान की तीखी आलोचना करते हुए भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देकर सपा ने सभी मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है. उन्होंने कहा कि ये बयान जानबूझकर दिया गया है और यही सपा की संस्कृति भी है. उन्होंने इस बयान को लेकर अखिलेश यादव को कटघरे में खड़ा किया और कहा कि सपा मुखिया के इशारे पर ही सपा नेता गाली-गलौज करते हैं.
और पढ़ें
- 'यूपी में ब्राह्मण असुरक्षित', मायावती का योगी सरकार पर बड़ा हमला; मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कह दी ये बात
- 'मैं तुम्हें लड़की बना दूंगा...' मेल डांसर को खिलाईं हार्मोन की गोलियां; मंदिर में शादी की और ऐंठ लिए 8 लाख
- बिजनौर में अनोखा तलाक: 80 साल के शौहर और 75 साल की बेगम ने शादी के एक साल बाद तोड़ा रिश्ता