उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हो रही लगातार बारिश ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है. सोशल मीडिया पर नजर आ रहे एक वीडियो के मुताबिक लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंसने से करीब 10 से 12 फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा बन गया. गड्ढा इतना बड़ा था कि इसमें एक मोटरसाइकिल भी समा गई.
मिली जानकारी के मुताबिक घटना के दौरान एक युवक भी गड्ढे में जा गिरा. जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया. उसकी स्थिति को लेकर दी गई जानकारी में फिलहाल कोई अन्य विवरण सामने नहीं आया है.
मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों के मुताबिक, मोटरसाइकिल किस तरह और किस स्थिति में गड्ढे में गिरी, इसकी सटीक जानकारी नहीं है. घटना के समय वहां कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था. सड़क पर बारिश का पानी जमा होने से भी स्थिति और ज्यादा खराब हो गई थी. गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं. नगर निगम की गाड़ी भी घटनास्थल पर मौजूद रही. कर्मचारियों ने मोटरसाइकिल को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. कई प्रयासों के बाद क्रेन की मदद से बाइक को गड्ढे से बाहर निकाला जा सका. गड्ढे के कारण सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया, ताकि कोई और हादसा न हो.
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ली. सुबह से बादलों की आवाजाही के बाद दोपहर करीब दो बजे आसमान काला पड़ गया और दिन में ही अंधेरा छा गया. इसके बाद कई इलाकों में करीब डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई. बारिश के कारण सड़कों और कालोनियों में घुटनों तक पानी भर गया.
तेज बिजली कड़कने के बीच बारिश का असर यातायात पर भी दिखाई दिया. शहीद पथ, कमता तिराहा, पालीटेक्निक, आलमबाग, कानपुर रोड और बुद्धेश्वर चौराहा समेत शहर के कई हिस्सों में वाहन चालकों को हेडलाइट और डिपर जलाकर चलना पड़ा. शाम साढ़े पांच बजे तक लखनऊ में 59 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को प्रदेश के करीब 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.