menu-icon
India Daily

Shubman Gill: WTC फाइनल के लिए गिल का खास प्लान, ऑस्ट्रेलिया से पहले टीम इंडिया को मिलेगा स्पिन का इम्तिहान

टीम इंडिया के सामने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की राह मुश्किल हो चुकी है. रिपोर्ट के मुताबिक शुभमन गिल ने ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ स्पिन मददगार पिच पर बल्लेबाजों को आजमाने का सुझाव दिया है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
Shubman Gill: WTC फाइनल के लिए गिल का खास प्लान, ऑस्ट्रेलिया से पहले टीम इंडिया को मिलेगा स्पिन का इम्तिहान
Courtesy: ANI

श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्ट ड्रॉ होने के बाद भारत की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की राह और मुश्किल हो गई है. टीम फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है. अब भारत के पास इस WTC साइकल में सात टेस्ट बाकी हैं, जिनमें न्यूजीलैंड के खिलाफ दो और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मुकाबले शामिल हैं. इसी बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने टीम की तैयारियों को बेहतर करने के लिए मैनेजमेंट के सामने खास सुझाव रखा है.

स्पिन के खिलाफ तैयारी पर Shubman Gill का प्लान

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गिल चाहते हैं कि पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ होने वाले मुकाबलों के लिए ऐसी पिच तैयार की जाए, जिस पर गेंद को अच्छा टर्न मिले. मकसद भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन के खिलाफ ज्यादा मजबूत बनाना है. पिछले कुछ सालों में घरेलू मैदानों पर इस चुनौती के सामने टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है.

ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ मिलेगा मौका

रिपोर्ट के मुताबिक कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने कुछ भारतीय बल्लेबाजों को ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ उतारने का सुझाव दिया है. अगर इन मैचों में स्पिनरों को पिच से पर्याप्त मदद मिलती है, तो बल्लेबाजों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खेलने का अनुभव मिलेगा. यही तैयारी आगे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम के काम आ सकती है.

कोलंबो टेस्ट ड्रॉ से बिगड़ा कॉम्बिनेशन

भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज 1-0 से अपने नाम की. गॉल में जीत के बाद कोलंबो में भी टीम जीत की स्थिति में थी, लेकिन सोनल दिनुशा के शतक ने श्रीलंका को बचा लिया. मुकाबला ड्रॉ रहने से भारत चौथे स्थान पर पहुंचने से चूक गया. अब टीम को अपने बाकी सात टेस्ट में से छह जीतने की जरूरत होगी.

फाइनल में पहुंचने के लिए बड़ी चुनौती

भारत नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट खेलेगा. इसके बाद अगले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी होगी. गिल पहले ही कह चुके हैं कि बाकी दोनों सीरीज उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और वह टीम को WTC फाइनल तक ले जाना चाहते हैं. हालांकि इसके लिए भारत को अपने प्रदर्शन के साथ दूसरी टीमों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी.