आज से आम जनता के लिए खुला लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, मात्र 45 मिनट में पूरा होगा सफर
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से लखनऊ से कानपुर का सफर सिर्फ 45 मिनट में पूरा हो जाएगा. पहले यह दूरी तय करने में डेढ़ से दो घंटे लग जाते थे. अब लोग समय और ईंधन दोनों की बचत कर पाएंगे.
Lucknow Kanpur Expressway: लखनऊ और कानपुर के बीच सफर अब काफी आसान और तेज हो जाएगा. लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे मंगलवार यानी आज से आम लोगों के लिए खुल गया है. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को इसका उद्घाटन किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे.
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से लखनऊ से कानपुर का सफर सिर्फ 45 मिनट में पूरा हो जाएगा. पहले यह दूरी तय करने में डेढ़ से दो घंटे लग जाते थे. अब लोग समय और ईंधन दोनों की बचत कर पाएंगे.
4850 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
उद्घाटन के मौके पर 4850 करोड़ रुपये की तीन बड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया. इनमें हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग का 32 किलोमीटर लंबा चौड़ीकरण शामिल है. इसकी लागत 541 करोड़ रुपये है. नितिन गडकरी ने कहा कि इस चौड़ीकरण से सड़क पर जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी.
Also Read
इंजीनियरिंग कालेज चौराहे पर बन रहे फ्लाईओवर से भी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी. इसके अलावा लखनऊ-सीतापुर रोड को छह लेन का बनाने और किसान पथ के किनारे सर्विस रोड बनाने का काम भी शुरू होगा.
शहीद पथ पर एलिवेटेड रोड और मेट्रो
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि शहीद पथ के ऊपर एलिवेटेड रोड बनेगी और उसके ऊपर मेट्रो चलाई जाएगी. इस प्रस्ताव को सड़क मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है. इससे लखनऊ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और बेहतर होगी.
आसपास लगेंगी नई इंडस्ट्री
नितिन गडकरी ने कहा कि इस एक्सप्रेसवे के कारण लखनऊ के आसपास नई इंडस्ट्री लगेगी. बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से व्यापार और रोजगार दोनों बढ़ेंगे. उत्तर प्रदेश में कुल 1.23 लाख करोड़ रुपये की लागत से 8 ग्रीन एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं. इससे राज्य की विकास गति और तेज होगी.
देश का विकास चार स्तंभों पर
नितिन गडकरी ने कहा कि देश का विकास जल, ऊर्जा, परिवहन और संचार इन चार मजबूत नींवों पर टिका है. अच्छी सड़कें, एक्सप्रेसवे और फ्लाईओवर बनने से न सिर्फ समय बचता है बल्कि आर्थिक विकास भी तेज होता है.