menu-icon
India Daily

शादी के बाद पहली बार वृंदावन पहुंचे कुलदीप यादव, पत्नी वंशिका संग बांके बिहारी के किए दर्शन

भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव अपनी पत्नी वंशिका सिंह के साथ वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर पहुंचे. शादी के बाद यह उनकी पहली यात्रा थी. उन्होंने 56 भोग अर्पित किए और विधिवत पूजा-अर्चना की.

KanhaiyaaZee
Prem Kaushik
Reported By: Prem Kaushik
शादी के बाद पहली बार वृंदावन पहुंचे कुलदीप यादव, पत्नी वंशिका संग बांके बिहारी के किए दर्शन
Courtesy: Prem Kaushik

मथुरा: भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने पत्नी वंशिका सिंह के साथ वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया. मंगलवार शाम करीब साढ़े 7 बजे दोनों मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. शादी के बाद यह उनका मथुरा-वृंदावन का पहला दौरा था.

मंदिर में प्रवेश के दौरान दोनों ने देहरी (चौखट) पर इत्र लगाकर सेवा की और भगवान को 56 भोग अर्पित किए. करीब 25 मिनट तक मंदिर परिसर में रहकर उन्होंने दर्शन किए. इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से मंदिर के गार्ड उन्हें घेरे रहे, जिससे किसी को उनकी मौजूदगी की भनक नहीं लग सकी.

गोपनीय रखा गया दौरा, सुबह सामने आई तस्वीरें

बताया जा रहा है कि कुलदीप यादव का यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया था. बुधवार सुबह फोटो और वीडियो सामने आने के बाद ही लोगों को उनके वृंदावन आगमन की जानकारी हुई. मंदिर के सेवायत शैलेंद्र गोस्वामी के अनुसार, कुलदीप के परिवार ने पहले ही उनके आगमन की सूचना दे दी थी और भीड़ से बचने के लिए इसे गोपनीय रखने का अनुरोध किया था. सेवायतों ने विधिवत पूजा कराई और भगवान की प्रसादी माला भेंट की.

एक घंटे बाद दिल्ली रवाना, 14 मार्च को हुई थी शादी

करीब एक घंटे वृंदावन में रुकने के बाद दोनों दिल्ली के लिए रवाना हो गए. उल्लेखनीय है कि कुलदीप यादव ने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ 14 मार्च को मसूरी में शादी की थी. इसके बाद 17 मार्च को लखनऊ में रिसेप्शन आयोजित किया गया, जिसमें कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुई थीं.