menu-icon
India Daily

लखनऊ के KGMU में 38 MBBS छात्र सस्पेंड, छात्रवृत्ति भी रोकी गई; जानें क्या था पूरा मामला?

लखनऊ के KGMU ने जूनियर छात्रों से रैगिंग और बदसलूकी के मामले में 38 MBBS छात्रों को तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया है. इनमें दो जूनियर छात्र भी शामिल हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
लखनऊ के KGMU में 38 MBBS छात्र सस्पेंड, छात्रवृत्ति भी रोकी गई; जानें क्या था पूरा मामला?
Courtesy: https://kgmu.org/

लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ने रैगिंग और जूनियर छात्रों को परेशान करने के आरोप में 38 MBBS छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है. यही नहीं इन पर 25-25 हजार के जुर्माने के साथ एक साल की छात्रवृत्ति भी रोकी गई है. ये सभी छात्र MBBS 2025 बैच के हैं. विश्वविद्यालय की एंटी रैगिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट के बाद कुलपति ने कार्रवाई को मंजूरी दी. डीन एकेडमिक्स डॉ. वीरेंद्र आतम ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया.

जूनियर छात्रों से कहलवाते थे 'प्रणाम महोदय'

यह मामला उस वीडियो के वायरल होने के बाद चर्चा में आया, जिसमें जूनियर MBBS छात्रों को अपने सीनियर्स के सामने सिर झुकाकर 'प्रणाम महोदय जी' कहते हुए देखा गया था. आरोप है कि जूनियर छात्रों को हॉस्टल से लेकर क्लासरूम तक सीनियर्स का इसी तरह अभिवादन करने के लिए मजबूर किया जाता था.

दो जूनियर छात्र भी कार्रवाई की जद में

निलंबित किए गए 38 छात्रों में दो जूनियर छात्र भी शामिल हैं. आरोप है कि उन्होंने रैगिंग के दौरान सीनियर्स का साथ दिया था. तीन महीने तक इन छात्रों को न तो कक्षाओं में शामिल होने की अनुमति होगी और न ही हॉस्टल में रहने दिया जाएगा.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

KGMU के कलाम सेंटर के सामने रिकॉर्ड किए गए वीडियो में प्रथम वर्ष के छात्र सीनियर्स के सामने सिर झुकाकर अभिवादन करते दिखाई दिए थे. वीडियो वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय में रैगिंग को लेकर सवाल उठने लगे थे. उस समय प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा था कि जूनियर छात्र सम्मान के तौर पर सीनियर्स का अभिवादन कर रहे थे. शिकायत मिलने पर नियमों के मुताबिक जांच और कार्रवाई की बात कही गई थी.