Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

'सपा का PDA धोखा है, गुंडाराज की वापसी असंभव है...', केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को दिया जवाब

Keshav Prasad Maurya vs Akhilesh Yadav: यूपी की राजनीति में मचे घमासान के बीच अखिलेश यादव ने कहा था कि सरकार स्थिर नहीं है. अब अखिलेश को जवाब देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा है कि सपा का पीडीए धोखा है और गुंडाराज की वापसी असंभव है. उन्होंने यह भी लिखा कि 2017 में बीजेपी एक बार फिर से 2017 को दोहराएगी और फिर से सरकार बनाएगी.

IDL
India Daily Live

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में घमासान मचा हुआ है. पार्टी के नेताओं के सामने ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि संगठन सरकार से बड़ा होता है. पिछले दो दिनों से तरह-तरह की चर्चाओं के बीच मुलाकातों का दौर जारी है. एक तरफ केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली में बीजेपी के अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की, दूसरी तरफ विपक्ष ने भी इस पर मजे लेने शुरू कर दिए हैं. समाजवादी पार्टी (एसपी) के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा था कि बीजेपी पहले तोड़फोड़ की राजनीति का काम दूसरे दलों में करती थी, अब वही काम अपने दल में कर रही है. इस पर अब केशव प्रसाद मौर्य ने जवाब दिया है. केशव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा है कि सपा का पीडीए धोखा है और गुंडाराज की वापसी असंभव है. 

इससे पहले अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा था, 'बीजेपी की कुर्सी की लड़ाई की गर्मी में उत्तर प्रदेश में शासन-प्रशासन ठंडे बस्ते में चला गया है. तोड़फोड़ की राजनीति का जो काम बीजेपी दूसरे दलों में करती थी, अब वही काम वो अपने दल के अंदर कर रही है, इसीलिए बीजेपी अंदरूनी झगड़ों के दलदल में धंसती जा रही है. जनता के बारे में सोचने वाला बीजेपी में कोई नहीं है.' इस ट्वीट के अलावा अपने बयान में भी अखिलेश ने कहा कि बीजेपी की उत्तर प्रदेश की सरकार अस्थिर है. 

अखिलेश यादव ने आगे कहा, 'हाल ही में सरकार जो फैसले ले रही है. ये सरकार आपस में लड़ रही है, इनके फैसले भी जल्दबाजी वाले हैं. इन्होंने शिक्षकों को परेशान करने के लिए डिजिटल अटेंडेंस शुरू की. हमने इसका विरोध भी किया था, इसे रद्द होना चाहिए. सरकार में ये कमजोर पड़े हैं इसलिए इन्होंने ध्वस्तीकरण का अपना फैसला टाला है. यह फैसला हमेशा के लिए खत्म नहीं हुआ है. इन्हीं के विधायक भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं. सीएम खुद स्वीकार कर रहे हैं कि बड़े पैमाने पर दलाली चल रही है.'

क्या बोले अखिलेश यादव?

अब अखिलेश यादव को जवाब देते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ट्वीट में लिखा है, 'सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव जी,बीजेपी की देश और प्रदेश दोनों जगह मज़बूत संगठन और सरकार है. सपा का PDA धोखा है. यूपी में सपा के गुंडाराज की वापसी असंभव है. बीजेपी 2027 विधानसभा चुनाव में 2017 दोहराएगी.' बताते चलें कि हाल ही में हुई कैबिनेट की मीटिंग में केशव प्रसाद मौर्य नहीं गए थे. हाल ही में उनकी बीजेपी अध्यक्ष से हुई मुलाकात के बाद सुगबुगाहट और बढ़ गई है.

बता दें कि लगातार हो रही बैठकों से उत्तर प्रदेश की राजनीति में खलबली मची हुई. उधर उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने आज पीएम नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की है. आज सीएम योगी आदित्यनाथ शाम को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल से भी मिलने वाले हैं, ऐसे में सबकी नजरें लखनऊ में हो रही गतिविधियों पर टिकी हुई हैं.