गंगा के ऊपर दिखेगा वायुसेना का रोमांच, काशी में गरजेंगे 20 फाइटर जेट; एयर शो की तैयारी हुई तेज
वाराणसी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना का भव्य एयर शो आयोजित होगा. इसमें 100 से अधिक एयरक्राफ्ट और हेलीकाप्टर हिस्सा लेंगे. गंगा घाट पर स्वतंत्र ATC टावर बनाकर एयर शो की उड़ानों की निगरानी की जाएगी.
काशी का आसमान अक्टूबर में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना से गूंजने वाला है. वाराणसी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा. आयोजन को लेकर वाराणसी एयरपोर्ट और गंगा घाटों पर तैयारियां तेजी से चल रही हैं. एयर शो के दौरान करीब 20 फाइटर प्लेन बाबतपुर एयरपोर्ट पर पार्क किए जाएंगे.
फाइटर प्लेनों की पार्किंग के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पर नया पार्किंग वे यानी एप्रन तैयार किया जा रहा है. फिलहाल एयरपोर्ट पर 10 पार्किंग वे मौजूद हैं. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अगले सप्ताह तक 17 नए पार्किंग बे तैयार होने की उम्मीद है. इसके बाद एयरपोर्ट पर कुल 27 पार्किंग वे हो जाएंगे.
क्या - क्या है प्लानिंग?
कुछ विमान और हेलीकाप्टरों को प्रयागराज, गाजीपुर और आजमगढ़ में भी पार्क किया जाएगा. इससे एयर शो में शामिल होने वाले विमानों के संचालन की व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा.
Also Read
- मदरसों की मान्यता और अनुदान पर बड़ा सवाल! बाराबंकी से आजमगढ़ तक कैसे सामने आया फर्जीवाड़े का जाल?
- कन्नौज में सिपाही पति-पत्नी बने मिसाल: बीच सड़क पलटी कार में चीख रहे थे लोग; सूझबूझ से ऐसे बचाई जान- VIDEO
- वर्ल्डस्किल्स शंघाई 2026: 70 सदस्यीय टीम इंडिया में उत्तर प्रदेश के दो होनहार युवा, भारत का कर रहे प्रतिनिधित्व
100 से ज्यादा एयरक्राफ्ट दिखाएंगे करतब
एयर शो करीब ढाई घंटे का होगा, जिसमें 100 से अधिक एयरक्राफ्ट और हेलीकाप्टर हिस्सा लेंगे. अलग-अलग विमान निर्धारित समय पर विभिन्न स्थानों से उड़ान भरेंगे और गंगा के ऊपर से गुजरते हुए अपने करतब दिखाएंगे. काशी के घाटों से दर्शक इस रोमांचक नजारे को करीब से देख सकेंगे.
आयोजन के दौरान वाराणसी एयरपोर्ट की नियमित उड़ानों पर असर न पड़े, इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. फाइटर प्लेनों की पार्किंग के लिए रनवे विस्तारीकरण के तहत तैयार किया जा रहा नया एप्रन इस्तेमाल किया जाएगा.
घाट पर बनेगा अलग ATC टावर
एयर शो के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए गंगा घाट पर एक स्वतंत्र एटीसी टावर तैयार किया जाएगा. यहां भारतीय वायुसेना के एटीसी अधिकारी विमानों की उड़ानों की निगरानी करेंगे. एयर शो के दौरान इस व्यवस्था के तहत एयरपोर्ट के नियमित एटीसी का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा.
अगले सप्ताह होगी अहम बैठक
आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए अगले सप्ताह भारतीय वायुसेना के अधिकारियों और एयरपोर्ट अधिकारियों के बीच उच्चस्तरीय बैठक होगी. बैठक में सुरक्षा, एयर ट्रैफिक, विमानों की आवाजाही और शो के शेड्यूल से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी. तैयारियां पूरी होने के बाद काशीवासियों और यहां आने वाले पर्यटकों को भारतीय वायुसेना की ताकत और रोमांचक हवाई करतब देखने का मौका मिलेगा.