IPL 2026

जेवर एयरपोर्ट से सफर करने वालों की जेबें होंगी ढीली, IGI दिल्ली से डेढ़ गुना तक महंगा है किराया

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून 2026 से उड़ानें शुरू होने जा रही हैं, लेकिन शुरुआत से पहले ही महंगे किरायों ने यात्रियों को चौंका दिया है. कई रूटों पर जेवर एयरपोर्ट का किराया दिल्ली के IGI एयरपोर्ट से ज्यादा पाया गया है.

Social Media
Kanhaiya Kumar Jha

नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उड़ानों के लिए तैयार है. 15 जून 2026 से इंडिगो यहां से अपनी पहली कमर्शियल सेवाएं शुरू करेगी. शुरुआत में इसे यात्रियों के लिए सस्ता और सुविधाजनक विकल्प बताया गया था, लेकिन मौजूदा टिकट दरों ने अलग तस्वीर पेश की है. कई प्रमुख घरेलू रूटों पर जेवर एयरपोर्ट से यात्रा करना दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तुलना में महंगा पड़ रहा है.

इंडिगो की बुकिंग दरों के अनुसार, जेवर से लखनऊ का टिकट करीब 5401 रुपये में उपलब्ध है. वहीं दिल्ली के IGI एयरपोर्ट से यही सफर लगभग 3394 रुपये में हो रहा है. यानी यात्रियों को दो हजार रुपये से ज्यादा अतिरिक्त खर्च करना पड़ सकता है. यही वजह है कि कई लोग नए एयरपोर्ट की लागत को लेकर सवाल उठा रहे हैं.

दूसरे शहरों के किराये भी ज्यादा

सिर्फ लखनऊ ही नहीं, कई अन्य रूटों पर भी जेवर एयरपोर्ट महंगा साबित हो रहा है. कोलकाता के लिए जेवर से टिकट 7123 रुपये तक पहुंच रहा है, जबकि IGI और हिंडन एयरपोर्ट से यह कम दाम में उपलब्ध है. नवी मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे शहरों के लिए भी किराये में अंतर देखने को मिला है. इससे यात्रियों की उम्मीदों को झटका लगा है.

टैक्सी खर्च भी बनेगा परेशानी

जेवर एयरपोर्ट की दूरी दिल्ली और नोएडा के कई हिस्सों से ज्यादा होने के कारण यात्रियों को टैक्सी पर भी अधिक खर्च करना पड़ेगा. नोएडा सेक्टर-18 से जेवर तक टैक्सी किराया लगभग 834 रुपये बताया जा रहा है, जबकि IGI एयरपोर्ट तक पहुंचने में कम खर्च आता है. ग्रेटर नोएडा के परी चौक से भी जेवर तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त रकम देनी होगी.

सरकार ने दी थी कई रियायतें

राज्य सरकार ने एयरलाइंस को आकर्षित करने और यात्रियों का खर्च कम रखने के लिए कई राहतें दी थीं. विमान ईंधन पर वैट को 25 प्रतिशत से घटाकर सिर्फ 1 प्रतिशत कर दिया गया. शुरुआती महीनों के लिए यूजर डेवलपमेंट फीस में भी कटौती की गई. इसके बावजूद टिकट कीमतों में अपेक्षित कमी नहीं दिख रही है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है.

दो चरणों में शुरू होंगी सेवाएं

इंडिगो पहले चरण में बेंगलुरु, मुंबई, गोवा, पटना, कोलकाता, चेन्नई और चंडीगढ़ समेत कई शहरों के लिए उड़ानें शुरू करेगी. दूसरे चरण में जुलाई से फ्लाइट्स की संख्या बढ़ाई जाएगी. हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक सड़क और सार्वजनिक परिवहन बेहतर नहीं होता और किराया प्रतिस्पर्धी नहीं बनता, तब तक यात्रियों को जेवर एयरपोर्ट की ओर आकर्षित करना आसान नहीं होगा.