मोबाइल को लेकर बहन से हुई अनबन, 8 साल के रितिक ने लगाई फांसी; मची चीख-पुकार

उत्तर प्रदेश के जालौन में आठ साल के बच्चे ने मोबाइल के लिए आत्महत्या कर ली.

Pinterest
Reepu Kumari

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां आठ साल के एक बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है. बताया गया है कि बच्चा अपनी बड़ी बहन के साथ मोबाइल पर रील देख रहा था. इसी दौरान बहन ने उससे फोन ले लिया. इस बात से वह नाराज हो गया और कमरे में चला गया. कुछ देर बाद घरवालों को ऐसी खबर मिली, जिसने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया.

यह घटना कुठौंद थाना क्षेत्र के डूंगरपुरवा गांव की है. मृतक बच्चे की पहचान रितिक के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, घटना के समय उसके माता पिता घर पर मौजूद नहीं थे. भाई बहन के बीच मोबाइल को लेकर हुई कहासुनी के बाद बच्चा कमरे में चला गया था. परिवार के लिए यह हादसा गहरा सदमा बन गया है. गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है.

माता पिता की गैरमौजूदगी में हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, रितिक अपनी बहन के साथ फोन पर वीडियो देख रहा था. इसी बीच बड़ी बहन ने मोबाइल अपने पास ले लिया. इस बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ. इसके बाद रितिक कमरे में चला गया. कुछ समय बाद जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली, तो घर में चीख पुकार मच गई. परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है.


पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही कुठौंद थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी जालौन अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी जानकारी जुटाई. बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई. इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा सके.

घटना की शुरुआती जानकारी

पुलिस की मानें तो 3 नवंबर को डूंगरपुरवा गांव में एक बच्चे की आत्महत्या की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ की. शुरुआती जानकारी में सामने आया कि आठ साल के बच्चे का अपनी डेढ़ साल बड़ी बहन से मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था. उस समय माता-पिता घर पर नहीं थे. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.

Disclaimer: हमारा चैनल कभी भी ऐसे कृत्यों को सपोर्ट नहीं करता है. अगर आपके मन में कभी आत्महत्या का ख्याल आए तो लोगों से बात करें. 

भारत में आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर:

• राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन (Kiran): 1800-599-0019 (24/7 उपलब्ध)
• Vandrevala Foundation: +91 9999 666 555
• AASRA: +91 9820466726
• इमरजेंसी नंबर: 112