उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले की लोनी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक अपने बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं. लोनी में हुए एक रेप के केस में आरोपी को मिलने के मामले में अब वह पुलिस पर भड़क गए हैं. उनका कहना है कि जमानत पर आया आरोपी पीड़िता को परेशान कर रहा है और पुलिस कुछ नहीं कर रही है. नंद किशोर गुर्जर ने चेतावनी दी है कि अगर एक हफ्ते के अंदर कार्रवाई नहीं होती और इस आरोपी के घर बुलडोजर नहीं चलता है तो वह खुद बुलडोजर लेकर निकलेंगे और कानून अपने हाथ में लेंगे. उन्होंने यह भी कहा है कि इसके लिए चाहे वह जेल जाएं या फिर उन्हें फांसी हो जाए लेकिन वह रुकेंगे नहीं. उन्होंने गाजियाबाद से कमिश्नरेट सिस्टम खत्म करने की भी मांग की है.
रिपोर्ट के मुताबिक, लोनी रेप केस का आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया है. आरोप है कि वह पीड़िता को परेशान कर रहा है और पीड़िता की मां ने इसकी शिकायत विधायक नंद किशोर गुर्जर से की है. उन्होंने पीड़िता का हाल जाना और उसके घर भी गए. पीड़िता की मां का कहना है कि आरोपी उनके बच्चों के जान से मारने की धमकी दे रहा है. उनका यह भी कहना है कि वह पुलिस से लगातार अपील कर रही हैं लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्यवाही ही नहीं हो रही है.
"एक हफ्ते में बुलडोजर नहीं चला तो मैं बुलडोजर लेकर निकलूंगा। कानून हाथ में लूंगा। चाहें फिर मुझे फांसी हो जाए"
गाजियाबाद, UP से BJP विधायक नंदकिशोर गुर्जर रेप पीड़िता को धमकी मिलने पर फायर हो रहे हैं। कह रहे हैं कि अपराध बढ़ा है। लूट मची है। पुलिस अफसर दफ्तर से निकलते नहीं हैं। pic.twitter.com/RBA0i8sAXF— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) August 28, 2024Also Read
इसी केस के बारे में नंद किशोर गुर्जर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें वह कह रहे हैं, 'इससे ज्यादा जघन्य घटना हो ही नहीं सकती है. इनकी नाबालिग बेटी के साथ होटल में दुराचार किया गया. आरोपी को जेल भेजा गया था लेकिन ओयो होटल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. गाजियाबाद में ये रोहिंग्या लोग जमकर अपराध कर रहे हैं. आरोपी ने कोर्ट में 20 गुंडे बुलाकर धमकी दी, बड़ी मुश्किल से ये लोग बचे. आज इसके घर को घेर लिया, कई बार इस तरह की घटना हो गई. पुलिस कमिश्नर के पास ये गईं लेकिन बार-बार कह देते हैं कि देख लेना, कोई कार्रवाई नहीं होती.'
उन्होंने आगे कहा, 'हम चाहते हैं कि गाजियाबाद में कमिश्नर सिस्टम खत्म हो और फिर से कप्तान सिस्टम लागू हो. यहां पहले क्राइम नहीं था. पिछले डेढ़-दो साल में हाहाकार मचा है. कमिश्नरी सिस्टम ने बेड़ा गर्क कर दिया है. कौन सलाहकार है, कौन सिस्टम को चला रहा है, पुलिसवाले सुनने को तैयार नहीं है. खुलेआम मुसलमान गांव में घुस जा रहे हैं, हमें खुद लड़ना पड़ रहा है. अगर हमें लड़ना है तो पुलिस की क्या जरूरत है.'
पुलिस को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा, 'जो बड़े अधिकारी हैं, जो वायसराय बनकर सोच रहे हैं कि लोनी के अंदर हाहाकार करेंगे, लोनी में नहीं होगा ये चाहे दुनिया में हो जाए. मैं खुद बुलडोजर लेकर निकलूंगा फिर चाहे कानून हाथ में लेना पड़े, फांसी लगे या जेल जाना पड़े. मेरी चेतावनी है कि इंसाफ मिलना चाहिए. हर चौकी-थाने बिक रहे हैं, हर तरफ दलाल बैठे हैं. इसके लिए हम सीएम योगी आदित्यनाथ से भी मिलेंगे.'