चोरों ने खाकी को भी नहीं बख्शा, यूपी में थाना अध्यक्ष के सरकारी आवास से चोरों ने उड़ाए 35 लाख
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पुलिस लाइन के अंदर स्थित थाना अध्यक्ष के सरकारी आवास में 35 लाख रुपये के गहनों की चोरी हुई है. यह घटना इसलिए चौंकाने वाली है क्योंकि यह उस जगह पर हुई, जहां हर समय पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं और सीसीटीवी कैमरे लगे हैं.
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस लाइन के भीतर ही थाना अध्यक्ष के सरकारी आवास में लाखों रुपये की चोरी की बड़ी वारदात हुई है. यह घटना उस जगह पर हुई है, जहां हर समय पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
यह मामला हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र के पुलिस लाइन का है, जहां सावायजपुर थाना अध्यक्ष प्रिंस कुमार का सरकारी आवास स्थित है. बताया जा रहा है कि वे कुछ समय से इस घर में नहीं रह रहे थे. बीते दिन जब वे अपने गर्म कपड़े लेने के लिए आवास पहुंचे, तो देखा कि घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए हैं और कमरे का सामान बिखरा पड़ा है. जांच करने पर पता चला कि घर में रखे गहनों से भरा एक बॉक्स गायब है.
35 लाख रुपये के गहने चोरी
थाना अध्यक्ष प्रिंस कुमार के अनुसार, चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 35 लाख रुपये है. इन गहनों में उनकी शादी के समय माता-पिता और रिश्तेदारों द्वारा दिए गए सोने-चांदी के कीमती आभूषण शामिल थे. चोरी गए जेवरों में मंगलसूत्र, कंगन, चूड़ियां, अंगूठियां, हार, चेन और अन्य गहने शामिल हैं. उन्होंने बताया कि चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसे और फिर कमरों के ताले तोड़कर कीमती सामान लेकर फरार हो गए.
Also Read
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
पुलिस लाइन जैसी सुरक्षित जगह पर इस तरह की घटना ने सभी को चौंका दिया है. यहां चौबीसों घंटे सुरक्षा के लिए गार्ड, कई बैरियर और सीसीटीवी कैमरे मौजूद हैं, फिर भी चोरों का इस तरह घुस जाना पुलिस व्यवस्था की बड़ी नाकामी माना जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और मामले की जांच के आदेश दिए. उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए ड्यूटी पर तैनात चार पुलिसकर्मियों, दीवान श्रवण पांडे, आरक्षी स्वर्णलेश, सत्येंद्र और आजाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया.
एसपी ने क्या कहा?
एसपी अशोक मीणा ने कहा कि पुलिस लाइन जैसी संवेदनशील जगह पर चोरी की घटना बहुत गंभीर है. सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि चोर कैसे अंदर घुसे और उन्होंने चोरी को कैसे अंजाम दिया. उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और उम्मीद है कि जल्द ही इस पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा.