Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

हमीरपुर: यमुना में नाव डूबने से बड़ा हादसा, 10 में से 6 लोग अब भी लापता

हमीरपुर में शादी समारोह के बाद यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया है. 10 लोगों से भरी नाव तेज हवा की वजह से पलट गई. 4 लोग तैरकर बाहर निकल आए लेकिन 6 लोग अब भी लापता हैं. प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है.

AI
Babli Rautela

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. शादी समारोह में शामिल होने आए रिश्तेदारों के लिए यह दिन कभी न भूलने वाला बन गया. यमुना नदी में नाव पलटने से 6  लोग लापता हो गए जबकि 4 लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर आ गए हैं. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई. नदी किनारे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हर किसी की नजर बचाव कार्य पर टिकी हुई है.

जानकारी के मुताबिक हमीरपुर के कोतूपुर पटिया गांव निवासी राजू की बेटी की शादी मंगलवार को हुई थी. शादी में शामिल होने के लिए कई रिश्तेदार गांव पहुंचे थे. बुधवार सुबह दुल्हन की विदाई के बाद परिवार और रिश्तेदारों के कुछ लोग यमुना नदी के उस पार खरबूजा खाने गए थे. बताया जा रहा है कि कुल 10 लोग नाव पर सवार होकर नदी पार गए थे. लौटते समय अचानक तेज हवा चलने लगी जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया. देखते ही देखते नाव बीच धारा में पलट गई.

नदी में मची चीख पुकार

नाव पलटते ही नदी में चीख पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े लेकिन तब तक कई लोग नदी में डूब चुके थे. हादसे के समय नाव नदी की बीच धारा में थी, जिससे बचाव कार्य और मुश्किल हो गया. एक किशोर और एक किशोरी समेत 4 लोग किसी तरह तैरकर किनारे पहुंच पाएं. उन्हें तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से कुरारा सीएचसी पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

छह लोगों की तलाश जारी

हादसे में रानी, आकांक्षा, ब्रजरानी, लव्यांश, गोरेलाल और आदित्य लापता बताए जा रहे हैं. इनमें 2 सगे भाई भी शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. 

प्रशासन का कहना है कि रात होने के कारण राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं. नदी का बहाव तेज होने की वजह से गोताखोरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. HDRF टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि लापता लोगों की तलाश तेजी से की जा सके. प्रशासन लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है लेकिन देर रात तक किसी का पता नहीं चल सका.