menu-icon
India Daily

Ghaziabad News: दिनदहाड़े गोलियां बरसाईं, ड्राइवर को बंधक बनाकर लूटे 25 लाख

गाजियाबाद में दिनदहाड़े बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर सनसनी मचा दी. बदमाश गोलियां बरसाकर निजी कंपनी के ड्राइवर को बंधक बनाकर कैश वैन लूट ले गए. कैश लूटने के बाद डीएमई पर छोड़ी वैन. पुलिस जांच में जुटी.

Dhiraj Kumar Dhillon
Ghaziabad News: दिनदहाड़े गोलियां बरसाईं, ड्राइवर को बंधक बनाकर लूटे 25 लाख
Courtesy: Ghaziabad Police

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया. गोलियां बरसाने के बाद ड्राइवर को बंधक बनाकर कैश वैन लूट ले गए. निजी कंपनी की कैश वैन एटीएम में कैश भरने पहुंची थी. बाद में बदमाशों ने दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर मसूरी थानाक्षेत्र में कैश निकालकर वैन और चालक को छोड़ दिया. बताया जा रहा है कि वैन में 25 लाख कैश भरा हुआ था, हालांकि पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है कि कितना कैश लूटा गया है. पुलिस की आठ टीमें फरार बदमाशों की तलाश के सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.

क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में हुई वारदात

दोपहर करीब एक बजे बदमाशों ने क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. डीसीपी धवल जयसवाल ने बताया कि एवन इंडिया कंपनी की वैन क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में कैश लेकर पहुंची थी. कर्मचारी एटीएम में कैश भर रहे थे, जबकि ड्राइवर वैन में बैठा था और सुरक्षाकर्मी भी वैन के पास ही मौजूद थे. इसी दौरान बदमाश ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने के बाद चालक को बंधक बनाकर वैन लूट ले गए.

मसूरी थानाक्षेत्र में छोड़ गए कैश वैन

दिल्ली नंबर की एक कार में सवार होकर आए बदमाश हथियारों के दम पर चालक को बंधक बनाकर कैश वैन को दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेसवे पर ले गए। मसूरी थानाक्षेत्र में बदमाशों ने वैन में रखा कैश लूटने के बाद वैन और चालक को छोड़ दिया और फरार हो गए. सूचना पाकर मौके पर पहुंची ने वैन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी ह‌ै. क्राइम ब्रांच की टीम कैश वैन को फोरेंसिक जांच के लिए ले गई है.

चालक और तीन कर्मचारी हिरासत में

डीसीपी धवल जयसवाल ने बताया कि पुलिस वैन के चालक और तीन अन्य कर्मचारियों को लेकर पूछताछ कर रही है. घटना के खुलासे के लिए आठ टीमें लगाई गई हैं. पूरे रूट के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं. वैन से कितना कैश लूटा गया है, इसका पता लगाने के ल‌िए कंपनी से रिकॉर्ड तलब किया गया है ताकि यह पता चल सके कि वैन में रखा कितना कैश एटीएम मशीनों में फीड कर दिया गया था और कितना वैन में बाकी था.