CWG 2026 में अलीगढ़ के गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास, 10,000 मीटर दौड़ में भारत को दिलाया पहला पुरुष रजत पदक

राष्ट्रमंडल खेल 2026 में गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया. वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए.

X
Kanhaiya Kumar Jha

अलीगढ़: राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय एथलेटिक्स को एक नई पहचान मिली है. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के धावक गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया. ग्लासगो में आयोजित इस मुकाबले में उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को यादगार सफलता दिलाई. उनकी इस उपलब्धि ने न केवल देश का गौरव बढ़ाया, बल्कि उनके गांव और परिवार के लिए भी गर्व का नया अवसर लेकर आई.

ग्लासगो के अलेक्जेंडर स्टेडियम में आयोजित 10,000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने 27 मिनट 49.78 सेकंड का समय लेकर रजत पदक अपने नाम किया. वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए. ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन ने 27 मिनट 48.93 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता. दोनों धावकों के बीच केवल 0.85 सेकंड का अंतर रहा.

बारिश के बीच भी नहीं बदली रणनीति

25 लैप की इस कठिन दौड़ के दौरान मौसम भी खिलाड़ियों की परीक्षा ले रहा था. लगातार बारिश और फिसलन भरे ट्रैक के बावजूद गुलवीर सिंह ने धैर्य बनाए रखा. उन्होंने पूरी रेस में अपनी रणनीति पर भरोसा किया और अंतिम क्षण तक मजबूत चुनौती पेश की. उनके संयम और फिटनेस ने उन्हें ऐतिहासिक सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई.


गांव में जश्न, परिवार में खुशी

अलीगढ़ जिले की अतरौली तहसील के सिरसा गांव में गुलवीर की सफलता की खबर पहुंचते ही खुशी का माहौल बन गया. परिवार और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया. एक किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर इतिहास रचने वाले गुलवीर आज पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं.

सेना से मिली नई पहचान

1998 में जन्मे गुलवीर सिंह का बचपन साधारण परिस्थितियों में बीता. वर्ष 2018 में वह भारतीय सेना में भर्ती हुए, जहां उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं मिलीं. बाद में उन्होंने आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट और भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण लेकर अपने प्रदर्शन को लगातार निखारा. कठिन मेहनत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया.

लगातार सफलता से बढ़ा भारतीय एथलेटिक्स का मान

वर्ष 2024 में अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स में विशेष प्रशिक्षण के बाद गुलवीर ने 3,000 मीटर, 5,000 मीटर और 10,000 मीटर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए. इसके बाद 2025 की एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी क्षमता साबित की. अब राष्ट्रमंडल खेल 2026 का रजत पदक उनके शानदार सफर का नया अध्याय बन गया है.