उत्तर प्रदेश के आगरा में एक शादी में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. एत्मादपुर में फिरोजाबाद के टूंडला से बारात आई थी. दूल्हा-दूल्हन स्टेज पर वरमाला के लिए खड़े थे. उसी समय वहीं चार गाड़ियों के साथ एक महिला ने एंट्री मारी. इस महिला के आते ही शादी में जमकर हंगामा हो गया. दूल्हे ने जैसे ही महिला को देखा वह वरमाला फेंककर रफूचक्कर हो गया.
शादी की रस्में चल रही थी. जयमाला की पूरी तैयारी थी. तभी एक महिला वहां पहुंची और चिल्लाने लगी. महिला कहने लगी कि दूल्हा उसका पति है. उसके ये बात सुनकर डीजे बंद हो गया. इसी बात को लेकर महिला के साथ आए लोगों की बरातियों के साथ बहस हो गई.
कहानी में एक नया मोड़ आया. दूल्हे का बड़ा भाई नेम सिंह सबके सामने आया. थाने पहुंचकर नेम सिंह ने दावा किया कि हंगामा कर रही महिला असम में उसकी पत्नी है और दूल्हे की भाभी है. उनकी शादी 2018 में हुई थी. चौंकाने वाली बात यह थी कि उसकी पत्नी का देवर के साथ कई सालों से अफेयर चल रहा है. उसकी पत्नी छोटे भाई से शादी करना चाहती है.
इस बवाल के बाद शादी समारोह में करीब दो घंटे तक सन्नाटा पसरा रहा. डर के मारे बारात में आए अधिकतर मेहमान वहां से भाग निकले. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और तय हुआ कि अब यह शादी नहीं होगी. दुल्हन के परिवार ने समारोह में मौजूद एक दूसरे युवक से अपनी बेटी की शादी करवा दी, जो उनका जानने वाला था.
जानकारी मिलते ही एत्मादपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई. थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह के अनुसार, स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने दूल्हे के पिता और बड़े भाई को हिरासत में ले लिया है. महिला दूल्हे पर दूसरी शादी का आरोप लगा रही थी. वहीं दूल्हा भाग चुका था.