menu-icon
India Daily

गाजियाबाद में 13वीं मंजिल से कूदकर व्यक्ति ने दी जान, घर पर मिला 70 वर्षीय मां का शव

गाजियाबाद में एक सुसाइड का मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. घर की तलाशी लेने पर पता चला कि उसकी मां का शव घर के बिस्तर पर पड़ा था.

Shilpa Shrivastava
गाजियाबाद में 13वीं मंजिल से कूदकर व्यक्ति ने दी जान, घर पर मिला 70 वर्षीय मां का शव
Courtesy: Pinterest

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां पर गुरुवार को एक 40 साल के व्यक्ति ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. जब पुलिस ने इस फ्लैट की जांच की तो वहां बिस्तर पर उसकी 70 वर्षीय मां का शव मिला. इस व्यक्ति की पहचान राजवीर के तौर पर हुई है. बता दें कि राजवीर कवि नगर इलाके की महागुनपुरम सोसाइटी का रहने वाला था. यह विनायक टावर के ग्राउंड-फ्लोर वाले फ्लैट में अपनी मां सतनाम कौर के साथ रहता था.

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे, बिल्डिंग में रहने वाले लोगों ने उसे 13वीं मंजिल से कूदते देखा था. इसके बाद लोगों ने इमरजेंसी सर्विस को कॉल किया. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. व्यक्ति बुरी तरह घायल था और उसे एक निजी अस्पताल में ले जाया गया. यहां पहुंचते ही जॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 

घर में बिस्तर पर पड़ी मिली मां की लाश:

मामले की जांच करने के लिए पुलिस अधिकारी उसके फ्लैट के अंदर गए. वहां, पर उसकी मां का शव एक बिस्तर पर मिला. शव की अवस्था देख ऐसा लग रहा था कि उनकी मृत्यु 2-3 दिन पहले ही हो चुकी थी. इनके शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं थे. उसका शरीर कंबल से ढका हुआ था. कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका केवल चेहरा ही दिखाई दे रहा था. 

पत्नी से अलग रहता था राजवीर:

बता दें कि राजवीर अपनी पत्नी से अलग रहता था. उसकी पत्नी उनके बच्चे के साथ गौर सिटी-2 में रहती है. वह अक्सर उनसे मिलने जाता था, लेकिन पिछले दो दिनों से वह वहां नहीं गया था. घटना के बारे में पता चलने पर उसकी पत्नी अस्पताल पहुंची. पुलिस ने बताया कि राजवीर पहले एक ज्योतिषी के तौर पर काम करता था, लेकिन जब यह काम नहीं चला, तो वह बेरोजगार हो गया था. हाल ही में, उसने पॉडकास्ट रिकॉर्ड करना शुरू किया था.

अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हुआ क्या था, क्या पहले मां की मृत्यु हुई थी और राजवीर ने यह अतिवादी कदम उठाने से पहले उनकी लाश देखी थी? या फिर इसके पीछे कोई और कारण है? पुलिस सभी पहलुओं से जाँच कर रही है, जिसमें दोनों मौतों के बीच किसी संभावित संबंध की पड़ताल भी शामिल है. मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.