IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026

पाकिस्तानी जासूस निकली मथुरा की मीरा! ई-रिक्शा चलाकर जुटाती थी संवेदनशील जानकारी, इलाके में हलचल

जांच में सामने आया है कि मीरा अपने साथियों के साथ मुख्य स्थानों की तस्वीरें खींचकर पाकिस्तान भेजती थी. पुलिस के मुताबिक, इस काम के बदले उसे 4 से 6 हजार रुपये तक मिलते थे.

@askshivanisahu
Anuj

नई दिल्ली: गाजियाबाद पुलिस ने जासूसी करने के शक में मथुरा की रहने वाली 30 वर्षीय मीरा प्रजापति को गिरफ्तार किया है. चौंकाने वाली बात यह है कि वह शहर में ई-रिक्शा चलाने के बहाने कथित तौर पर संवेदनशील जानकारियां जुटाती थी, जिससे उस पर किसी को शक नहीं होता था. मीरा अपने पति से अलग रहकर औरंगाबाद इलाके के महादेव नगर बघेल मोहल्ले में बच्चों के साथ रहती थी.

पुलिस के अनुसार, मीरा प्रजापति को स्थानीय लोग 'हरिया' नाम से भी जानते थे. वह पिछले कई महीनों से मथुरा के टेक चौराहे से रिफाइनरी तक ई-रिक्शा चला रही थी. यह रूट नगर निगम का 9 नंबर मार्ग है, जहां कई अहम सरकारी और संवेदनशील संस्थान मौजूद हैं. इनमें जिलाधिकारी कार्यालय, अन्य सरकारी दफ्तर, आर्मी के स्ट्राइक-1 का मुख्यालय और मथुरा रिफाइनरी जैसे महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं.

फोटो खींचकर पाकिस्तान भेजने का आरोप

जांच में सामने आया है कि मीरा अपने साथियों के साथ इन स्थानों की तस्वीरें खींचकर पाकिस्तान भेजती थी. पुलिस के मुताबिक, इस काम के बदले उसे 4 से 6 हजार रुपये तक मिलते थे. 22 मार्च को पुलिस ने इस मामले में बिहार के नौशाद और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया था. पूछताछ में तीनों के बीच संपर्क और गतिविधियों का खुलासा हुआ है.

सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी करने का प्रयास

आरोप यह भी है कि मीरा और उसके सहयोगियों ने कुछ जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की कोशिश की थी. हाल ही में वह अपने साथियों के साथ हरिद्वार और ऋषिकेश भी गई थी, जहां उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है. पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में जुटी है.

परिवार के सदस्यों से पूछताछ जारी

मीरा का सामाजिक व्यवहार सामान्य बताया जा रहा है. पड़ोसियों के मुताबिक, वह हंसमुख स्वभाव की थी और सभी से अच्छे संबंध रखती थी. इसी वजह से किसी को उसकी गतिविधियों पर शक नहीं हुआ. खुफिया एजेंसियों की टीम उसके परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है. उनके घर पहुंचने के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है.

पति के साथ लंबे समय से मतभेद

गिरफ्तारी के बाद मीरा की दो छोटी बेटियां फिलहाल उसके भाई के पास रह रही हैं. बताया गया है कि मीरा अपने पति से अलग रहती थी, जो पेशे से हलवाई हैं. दोनों के बीच लंबे समय से मतभेद थे. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.