menu-icon
India Daily

बैंक मैनेजर ने छुट्टी देने से किया इनकार, गार्ड ने केबिन में घुसकर मारी गोली

शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ समय से गार्ड और बैंक मैनेजर के बीच छुट्टी को लेकर विवाद चल रहा था. संभावना जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते गार्ड ने गुस्से में आकर यह गंभीर कदम उठाया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
बैंक मैनेजर ने छुट्टी देने से किया इनकार, गार्ड ने केबिन में घुसकर मारी गोली
Courtesy: Ghaziabad Guard shoots bank manager after refuses leave

गाजियाबाद जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां लोनी बॉर्डर इलाके में स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा में तैनात एक गार्ड ने बैंक मैनेजर को गोली मार दी. गोली लगने के बाद घायल मैनेजर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी गार्ड मौके से फरार हो गया.

 मैनेजर के केबिन में घुसकर मारी गोली

पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर करीब दो बजे यह घटना हुई. बैंक में तैनात गार्ड रवींद्र हुड्डा अचानक मैनेजर अभिषेक शर्मा के केबिन में पहुंचा. बताया जा रहा है कि कुछ ही पलों में उसने अपनी बंदूक से सीधे मैनेजर के सीने पर गोली चला दी. गोली चलने की आवाज सुनते ही बैंक में मौजूद कर्मचारी घबरा गए. जब तक लोग कुछ समझ पाते, आरोपी गार्ड वहां से भाग चुका था.

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

गोली लगने के बाद बैंक के कर्मचारियों ने तुरंत घायल मैनेजर को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद बैंक कर्मचारियों और इलाके के लोगों में डर और चिंता का माहौल बन गया.

 छुट्टी को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी गार्ड रवींद्र हुड्डा मूल रूप से बागपत का रहने वाला है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ समय से गार्ड और बैंक मैनेजर के बीच छुट्टी को लेकर विवाद चल रहा था. संभावना जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते गार्ड ने गुस्से में आकर यह गंभीर कदम उठाया. हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है.

आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें

पुलिस अधिकारी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि घटना के बाद आरोपी गार्ड फरार हो गया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं और संभावित जगहों पर तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.