गाजियाबाद में 24 घंटे में करंट से दूसरी मौत, ट्रांसफॉर्मर के पास खेल रहे 8 साल के मासूम की गई जान
गाजियाबाद में 24 घंटे के भीतर करंट लगने से दूसरी मौत का मामला सामने आया है. टीला मोड़ क्षेत्र की इकबाल कॉलोनी में ट्रांसफॉर्मर के पास खेल रहे 8 वर्षीय अयान की करंट लगने से मौत हो गई.
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बिजली व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. टीला मोड़ थाना क्षेत्र की इकबाल कॉलोनी में ट्रांसफॉर्मर के पास खेल रहे आठ वर्षीय अयान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई. यह पिछले 24 घंटे के भीतर करंट से मौत का दूसरा मामला है. लगातार हुई इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
गली में खेलते समय हुआ हादसा
मृतक अयान के पिता सुबेदीन के अनुसार शुक्रवार शाम करीब चार बजे उनका बेटा घर के बाहर गली में खेल रहा था. इसी दौरान वह बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर के पास पहुंच गया, जहां करंट फैला हुआ था. करंट की चपेट में आते ही मासूम की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि कॉलोनी के लोगों ने कई बार बिजली विभाग को ट्रांसफॉर्मर और खंभे के आसपास करंट उतरने की शिकायत दी थी. इसके बावजूद विभाग ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया. शिकायत में बिजली विभाग के एसडीओ विजय सैनी, जूनियर इंजीनियर विनोद कुमार और कर्मचारियों ताहिर तथा साजिद समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं. परिवार ने सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है.
Also Read
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वहां लंबे समय से करंट उतरने की समस्या बनी हुई थी. कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया. लोगों का दावा है कि पहले भी इसी जगह करंट लगने से कई पशुओं की मौत हो चुकी है, लेकिन विभाग ने तब भी खतरे को गंभीरता से नहीं लिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पूरे इलाके के बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मरों और विद्युत लाइनों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की.
24 घंटे में दूसरी करंट से मौत
गाजियाबाद में एक दिन पहले इंदिरापुरम के न्यायखंड इलाके में भी करंट लगने से 28 वर्षीय नरेंद्र उर्फ बबलू की मौत हो गई थी. वह पार्क में जलभराव के दौरान करंट की चपेट में आ गए थे. लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं ने शहर की बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई होती तो मासूम अयान की जान बचाई जा सकती थी. अब लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शहरभर में बिजली व्यवस्था की सुरक्षा जांच की मांग कर रहे हैं.