वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया. घटना करीब 10:30 बजे की है. सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री की पिस्टल से अचानक फायर हो गया. गोली चलने की आवाज सुनते ही एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. यात्री घबराकर इधर-उधर भागने लगे.
फायरिंग की इस घटना में एक महिला यात्री समेत दो लोग घायल हो गए. मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया. घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान और एयरपोर्ट के अधिकारी मौके पर पहुंच गए.
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, गोली चलने वाला यात्री आजमगढ़ का रहने वाला है. वह एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई जाने वाला था. उसके पास पिस्टल और मैगजीन थी. बताया गया है कि यात्री ने अपने असलहे की पहले से जानकारी दी थी. घटना के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है.
Today, 16.08.2026, at about 0930 hrs, a passenger travelling with his wife on flight IX-1810 to Mumbai declared weapons on board the flight. During the weapons check, the passenger fired a round, injuring two AAICLAS screeners. Both were taken to New Laxmi Trauma Centre for…
— ANI (@ANI) August 16, 2026
पुलिस के साथ एयरपोर्ट और खुफिया विभाग की टीमें भी जांच में जुटी हैं. यात्री से पूछताछ की जा रही है. अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि सुरक्षा जांच के दौरान पिस्टल से गोली किन परिस्थितियों में चली. फिलहाल एयरपोर्ट पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. मामले की जांच पूरी होने के बाद फायरिंग की वजह और सुरक्षा प्रक्रिया से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आने की उम्मीद है.