menu-icon
India Daily

'मुझे बदनाम करने के लिए मेरे खिलाफ खेल हुआ', आशीष बनर्जी ने कथित सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप; जानें और क्या लिखा

पश्चिम बंगाल के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की मौत के बाद कथित सुसाइड नोट सामने आया है. नोट में उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार करते हुए खुद को बदनाम करने की साजिश का दावा किया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'मुझे बदनाम करने के लिए मेरे खिलाफ खेल हुआ', आशीष बनर्जी ने कथित सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप; जानें और क्या लिखा
Courtesy: @ani_digital X Account

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी की मौत के बाद कथित सुसाइड नोट सामने आया है. रविवार सुबह बीरभूम जिले में तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय में उनका शव मिला था. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और कथित सुसाइड नोट की भी जांच की जा रही है. 

इस बीच तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता निलंजन दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बनर्जी के हाथ से लिखा बताया जा रहा यह नोट साझा किया है. कथित सुसाइड नोट में आशीष बनर्जी ने अपने ऊपर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों से इनकार किया है. 

बनर्जी ने अपनी सुसाइड नोट में और क्या लिखा?

उन्होंने लिखा कि भ्रष्टाचार से उनका कोई लेना देना नहीं था, फिर भी उन्हें बदनाम करने के लिए उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन और छात्र जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भ्रष्टाचार नहीं किया.

बनर्जी ने लिखा कि बर्दवान यूनिवर्सिटी छात्र संघ के महासचिव रहते हुए भी उन्होंने किसी तरह का भ्रष्टाचार नहीं किया था. उन्होंने यह भी दावा किया कि राजनीतिक जीवन में सक्रिय रहने के बावजूद उन्होंने कभी किसी पद की इच्छा नहीं रखी. कथित नोट में उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में बिना किसी शर्त या बदले के किसी से एक पैसा तक नहीं लिया.

TRDA से जुड़े कामकाज को लेकर क्या कहा?

उन्होंने TRDA से जुड़े कामकाज का भी उल्लेख किया. कथित नोट के अनुसार उन्होंने कहा कि TRDA की बैठकों के रजिस्टर रखे जाते थे और वह टेंडर कमेटी का हिस्सा नहीं थे. उनके पास चेक जारी करने की शक्ति भी नहीं थी. उन्होंने किसी योजना को मंजूरी देने या NOC जारी करने में अपनी भूमिका से भी इनकार किया.

बनर्जी ने कथित तौर पर यह भी लिखा कि उन्हें नहीं पता कि उन्हें बदनाम करने के लिए उनके खिलाफ कौन कौन से खेल खेले गए. उन्होंने कॉलेज के छात्रों को राजनीति से दूर रहने और अपने क्षेत्र में रहकर शांति तथा अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी. उन्होंने अपने शिक्षक जीवन का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने पूरी जिंदगी पढ़ाया तथा कई छात्रों को बिना फीस के भी पढ़ाया.

अपने परिवार और करीबियों के लिए क्या लिखा?

कथित नोट के आखिरी हिस्से में उन्होंने अपने परिवार और करीबियों के लिए संदेश लिखा. उन्होंने सभी को प्यार दिया और बड़ों को अपना प्यार देने की बात कही. उन्होंने परिवार के सदस्यों से शांत रहने और पूरी जिंदगी सच तथा हिम्मत के साथ जीने की अपील की. नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया है.