उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में उत्सव का माहौल तब एक तमाशा में बदल गया, जब एक पालतू कुत्ते ने भौंकना शुरू किया. देखते ही देखते यह विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया की दोनों परिवारों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इस लड़ाई की वजह से शादी बीच में ही रुक गया.
मिल रही जानकारी के मुताबिक गुरुवार को हुए इस घटना में लगभग पांच लोग घायल हो गए. खुशी का माहौल देखते ही देखते रणभूमि में बदल गया, लड़की ससुराल जाने के बजाए परिवार के घायल लोगों को संभालने में लग गई. तो चलिए जानते हैं कि आखिर ऐसा हुआ क्या? जिससे सब बदल गया.
दरअसल, 25 साल के सुमित केसरवानी की शादी 19 साल के तनु केसरवानी से तय हुई थी. दोनों परिवारों के बीच यह रिश्ता करीब दो साल पुराने प्रेम संबंध के बाद तय हुआ था और इसे पारंपरिक अंदाज में संपन्न करने की तैयारी की गई थी. जयमाला और अन्य रस्में सुचारु रूप से पूरी हो चुकी थीं, लेकिन भोर के समय जब आभूषण पहनाने की रस्म चल रही थी, तभी दुल्हन का पालतू कुत्ता, जो समारोह स्थल से थोड़ी दूरी पर बंधा हुआ था, बार-बार भौंकने लगा. इस शोर से परेशान होकर दूल्हे पक्ष के एक युवक ने कुत्ते को पीटने की कोशिश की, जिससे दुल्हन के परिवार में आक्रोश फैल गया.
चश्मदीदों के अनुसार, कुत्ते को मारने के आरोप पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई. विवाद इतना बढ़ गया कि लोगों ने कुर्सियां, डंडे और अन्य उपलब्ध वस्तुओं का इस्तेमाल किया. दुल्हन के परिवार से ऋषभ केसरवानी, शुभम गुप्ता और संगीता देवी के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि एक अन्य व्यक्ति के हाथ में फ्रैक्चर हो गया. दूल्हे पक्ष के कुछ सदस्यों को भी मामूली चोटें आईं. पूरे घटनाक्रम में मंडप का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और शादी की सभी रस्में बीच में ही रोकनी पड़ीं.
हालांकि इस पूरी घटना के बाद दूल्हा ने दुल्हन को समझाने की कोशिश लेकिन वे नहीं मानी और फिर दोनों ने मिलकर यह फैसला लिया. दोनों परिवारों ने शादी के उपहार को वापस कर दिया. इस मामले ने लोगों का ध्यान इसलिए भी और ज्यादा खिंचा क्योंकि लड़की के परिवार का अपने कुत्ते से प्रेम हैरान करने वाला था. दो सालों से लड़के के साथ प्रेम में पड़ी लड़की ने अपने घर के बेजुबान के साथ खराब व्यवहार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया और अलग होने का फैसला किया.