menu-icon
India Daily

एक पल में पूरा परिवार खत्म, पति-पत्नी, तीन बच्चों की सड़क हादसे में गई जान; रिश्तेदारी से लौट रहा था परिवार

बुलंदशहर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया. इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
एक पल में पूरा परिवार खत्म, पति-पत्नी, तीन बच्चों की सड़क हादसे में गई जान; रिश्तेदारी से लौट रहा था परिवार
Courtesy: Symbolic Image

बुलंदशहर में एक दर्दनाक हादसे ने सबको दहला कर रख दिया. एक हंसता खेलता परिवार कुछ पलों में उजड़ गया. शुक्रवार को नेशनल हाईवे-34 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी. इस हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई. हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई. घटना के तुरंत बाद ट्रक चलाक फरार हो गया. मामले की जांच में पुलिस जुट गई है.

ऐसे हुआ हादसा

यह हादसा बुलंदशहर के देहात कोतवाली क्षेत्र में भंसोली कट के पास हुआ. खुर्जा निवासी उत्तम सिंह अपनी पत्नी उर्मिला और तीन बच्चों के साथ बाइक पर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. परिवार के सभी सदस्य सड़क पर दूर जा गिरे.

चीखों से गूंज उठा इलाका

हादसे के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई. हादसा इतना भीषण था कि परिवार के पांचों सदस्यों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. परिवार के एक साथ खत्म हो जाने की खबर से इलाके में शोक की लहर फैल.

जांच में जुटी पुलिस

हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस को घटनास्थल से हरियाणा नंबर प्लेट का टूटा हुआ हिस्सा मिला है. अधिकारियों ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का मानना है कि जल्द ही आरोपी चालक तक पहुंचा जा सकेगा.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का लग रहा है. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.