उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति आज राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है. उन्होंने कहा कि युवाओं में नया आत्मविश्वास, नई ऊर्जा और नए अवसरों की भावना दिखाई दे रही है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अहम योगदान दे रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा केवल अपने भविष्य के बारे में नहीं सोच रहा, बल्कि देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए भी आगे आ रहा है.
सीएम योगी ने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं ने युवाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाने का काम किया है. स्किल इंडिया मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्टार्टअप इंडिया और एमवाई भारत पोर्टल जैसी पहलों ने युवाओं की प्रतिभा और कौशल को नई दिशा दी है. इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर मिले हैं. सरकार का मानना है कि इससे लाखों युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हुआ है.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के युगांतरकारी नेतृत्व में विगत 12 वर्षों में भारत की युवा शक्ति नए आत्मविश्वास, नए अवसरों और नई आकांक्षाओं के साथ राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। आज का युवा 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदार बन रहा…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 13, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहन मिलने के कारण भारत आज वैश्विक स्तर पर स्टार्टअप और उद्यमिता के प्रमुख केंद्रों में शामिल हो चुका है. नई तकनीक, डिजिटल सेवाओं और नवाचार आधारित उद्योगों में भारतीय युवाओं की भूमिका लगातार मजबूत हुई है. यही कारण है कि देश का स्टार्टअप इकोसिस्टम दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते इकोसिस्टम में गिना जा रहा है. सीएम योगी ने अपने संदेश में खेल जगत में युवाओं की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारी का अवसर दिया है. इन प्रयासों का परिणाम यह है कि भारतीय खिलाड़ी वैश्विक प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और देश के लिए नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की अमृत पीढ़ी ही विकसित, आत्मनिर्भर और शक्तिशाली भारत की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प के बल पर भारत आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों को छुएगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई विभिन्न योजनाओं ने युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया है और यही युवा शक्ति विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी.