फतेहपुर को आज मिलेगी 550 करोड़ की बड़ी सौगात, सीएम योगी करेंगे कई परियोजनाओं का शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज फतेहपुर में 550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. वह जनसभा को संबोधित करेंगे.

Pinterest
Km Jaya

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज फतेहपुर जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री मदारीपुर कला मैदान में करीब डेढ़ घंटे तक आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान वह लगभग 550 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. 

साथ ही जनसभा को संबोधित कर सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी देंगे और जनता से सीधा संवाद भी करेंगे. मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे. इस प्रदर्शनी में विभिन्न सरकारी विभागों की उपलब्धियों के साथ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे. 

कौन-कौन सी योजनाएं हैं शामिल?

इसके अलावा मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के 15 लाभार्थियों को अपने हाथों से हितलाभ वितरित करेंगे. हितलाभ पाने वाले लाभार्थियों में बाल सेवा योजना, समाज कल्याण विभाग, आयुष्मान कार्ड योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, ग्रामीण उद्यमी, शहरी आवास, पशुपालन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, एक जिला एक उत्पाद, उद्यमी विकास योजना और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थी शामिल हैं. मुख्यमंत्री एक दिव्यांग और एक विधवा लाभार्थी को भी आवास योजना का लाभ प्रदान करेंगे.


कौन-कौन होगा शामिल?

कार्यक्रम के मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कुल 20 प्रमुख जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. इनमें केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक तथा भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे.

मदारीपुर कला मैदान में लगभग 20 हजार लोगों की क्षमता वाला पंडाल तैयार किया गया है. सुरक्षा व्यवस्था और मंच निर्माण के कारण मैदान का एक बड़ा हिस्सा सुरक्षित क्षेत्र के रूप में आरक्षित रखा गया है. मुख्य पंडाल में करीब 10 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, जबकि अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए अलग से बैरिकेडिंग और स्टैंडबाई व्यवस्था भी बनाई गई है.

क्या-क्या है प्लानिंग?

मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान भाजपा के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों से भी मुलाकात का कार्यक्रम तय किया गया है. प्रशासन ने लगभग 100 पदाधिकारियों से चरणबद्ध तरीके से मुलाकात कराने की योजना बनाई है. हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर अलग अलग समूहों में नेताओं और कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर दिया जाएगा.