बांदा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा के पंडित जेएन पीजी कालेज मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने बांदा और बबेरू विधानसभा क्षेत्र में 710 करोड़ रुपये की लागत वाली 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के 9 साल में बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल गई है. पहले यह इलाका पलायन, पानी की कमी और डकैतों के लिए जाना जाता था. आज यहां विकास की नई कहानी लिखी जा रही है.
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मुख्यमंत्री बनते ही बुंदेलखंड का दौरा करने और इसके विकास को प्राथमिकता देने को कहा था. साल 2017 से पहले यहां हालात बहुत खराब थे. किसान खेतों तक जाने से डरते थे, युवा नौकरी के लिए बाहर पलायन कर जाते थे और व्यापारी डर के माहौल में रहते थे. लेकिन 2017 में डबल इंजन सरकार बनने के बाद सब बदल गया. अब बुंदेलखंड अच्छी सड़कों और रेल से जुड़ रहा है. हर घर में नल से पानी पहुंच रहा है. किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है. सरकारी नौकरियों में भी बांदा के युवाओं को अच्छा मौका मिल रहा है.
मैं आश्वस्त करता हूं...
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 9, 2026
बुंदेलखंड के विकास और विरासत के संरक्षण के लिए जो भी प्रोजेक्ट शासन के संज्ञान में आएगा, उसको आगे बढ़ाएंगे।
बुंदेलखंड को धरती का स्वर्ग बनाने का काम हम लोग करेंगे... pic.twitter.com/vDKRgpKjX3
सीएम योगी ने कहा कि यह बदलाव जनता के सहयोग और अच्छे जनप्रतिनिधियों की मेहनत से संभव हुआ है. उन्होंने स्थानीय विधायकों प्रकाश द्विवेदी, ओममणि वर्मा और जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद की तारीफ की. उन्होंने बताया कि अब बुंदेलखंड में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज जैसी बड़ी संस्थाएं चल रही हैं. सड़क, पानी और बिजली जैसी सुविधाएं तेजी से बढ़ाई जा रही हैं.
मुख्यमंत्री ने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले कानून-व्यवस्था खराब थी और गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था. अब बिना भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस, आयुष्मान कार्ड और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है.