menu-icon
India Daily

'चावल बाबा' का महाफर्जीवाड़ा: भाई की मौत का सच बताने के नाम पर नोएडा के डॉक्टर से ठगे 40 लाख

रायपुर के 'चावल बाबा' ने नोएडा के डॉक्टर ऋषभ चौबे से भाई की मौत का सच बताने और तंत्र-मंत्र के नाम पर लग्जरी कार समेत कुल 40 लाख रुपये की बड़ी ठगी की.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'चावल बाबा' का महाफर्जीवाड़ा: भाई की मौत का सच बताने के नाम पर नोएडा के डॉक्टर से ठगे 40 लाख
Courtesy: x

खुद को भगवान का दूत और त्रिकालदर्शी बताने वाले 'चावल बाबा' उर्फ नरेंद्र नयन शास्त्री का एक और काला कारनामा सामने आया है. छत्तीसगढ़ में चावल के दानों से भविष्य बताने का दावा करने वाले इस ढोंगी बाबा ने नोएडा के एक नामी डॉक्टर को अपनी जालसाजी का शिकार बनाया है. आरोपी ने पीड़ित डॉक्टर से उनके भाई की मौत का रहस्य सुलझाने और परिवार को बुरी आत्माओं से बचाने के नाम पर करीब 40 लाख रुपये हड़प लिए. रायपुर की खम्हारडीह पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

 रहस्यमयी मौत और अंधविश्वास का खेल

पुलिस के अनुसार, नोएडा के पीड़ित डॉक्टर ऋषभ चौबे अगस्त 2024 में इंदौर में अपने छोटे भाई की अचानक हुई मौत से गहरे सदमे में थे. मानसिक रूप से टूट चुके डॉक्टर न्याय और जवाब की तलाश में रायपुर में 'चावल बाबा' से मिले. बाबा ने उनकी इसी कमजोरी का फायदा उठाया. उसने दावा किया कि वह अपनी अलौकिक शक्तियों से मौत का सच सामने ला देगा.

 कार के लिए मांगे 20 लाख रुपए

धीरे-धीरे बाबा ने डॉक्टर का भरोसा जीत लिया और फिर शुरू हुआ डर का खेल. बाबा ने डराया कि डॉक्टर के बच्चों पर बुरी आत्माओं का साया है, जिसे हटाने के लिए महंगे अनुष्ठान करने होंगे. अक्टूबर 2024 से 2026 की शुरुआत के बीच डॉक्टर ने बाबा के खाते में 20 लाख  रुपए सिर्फ एक लग्जरी गाड़ी खरीदने के लिए ट्रांसफर कर दिए. इसके अलावा 10 लाख रुपए अनुष्ठानों के लिए कैश और 10 लाख बाबा की यात्रा और वीआईपी रुकने के इंतजाम पर खर्च करा दिए.

जब डॉक्टर को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. वीआईपी और नेताओं के बीच पैठ रखने वाला 'चावल बाबा' फिलहाल दुष्कर्म के एक अन्य मामले में महासमुंद जेल में बंद है. पुलिस अब इस धोखाधड़ी मामले में उसकी कस्टडी लेने की तैयारी कर रही है.