उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोड़ी खास गांव में चार वर्षीय बच्चे की हत्या का मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. तीन दिन से लापता मासूम का शव उसके घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया.
मृतक की पहचान सिद्धार्थ के रूप में हुई है, जो जामवंत कुशवाहा का पुत्र था. परिवार के अनुसार, सोमवार को सिद्धार्थ घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा. काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने भांवरकोल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
पुलिस ने बताया कि लगातार तलाश के बीच बच्चे का शव घर के पास मिलने से मामला अपहरण से बढ़कर हत्या का हो गया. प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल और घर के भीतर कुछ ऐसे संकेत मिले, जिनके आधार पर हत्या की आशंका गहरा गई. शव मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए. अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के सही कारण और अन्य तथ्यों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
जांच के दौरान पुलिस को घर में रखे एक ड्रम से दुर्गंध आने की सूचना मिली. इसके बाद संदेह परिवार के भीतर की ओर गया. पुलिस ने परिवार की एक बुजुर्ग महिला को घर से निकलने के दौरान हिरासत में लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी. अधिकारियों के अनुसार, पारिवारिक विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है.टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक नमूने एकत्र किए. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.