menu-icon
India Daily

'दोषी पर होगी सख्त कार्रवाई', राम मंदिर चढ़ावे विवाद पर बोले BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती को लेकर उठ रहे विवाद के बीच भाजपा अध्यक्ष पकंज चौधरी ने बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच ट्रंस्ट द्वारा की जा रही है और अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'दोषी पर होगी सख्त कार्रवाई', राम मंदिर चढ़ावे विवाद पर बोले BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी
Courtesy: X (@mppchaudhary)

लखनऊ: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती को लेकर उठे सवालों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने साफ संदेश दिया है कि मामले की जांच सरकार करा रही है. उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह विषय सीधे सरकार का नहीं बल्कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का है, लेकिन पूरी प्रक्रिया अत्यंत पारदर्शी तरीके से चलाई जा रही है.

कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर पहुंचे पंकज चौधरी ने इस मुद्दे पर विस्तार से अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है. चढ़ावे की गिनती रिजर्व बैंक की निगरानी में होती है और पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी में पूरी की जाती है.

पंकज चौधरी ने क्या कहा?

पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार इसकी जांच करा रही है. यदि किसी स्तर पर कोई गड़बड़ी सामने आती है तो दोषी व्यक्ति के खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई होगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित इस प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी की परंपरागत लाइन दोहराई. उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा सामूहिक नेतृत्व और संगठन की ताकत पर चुनाव लड़ती है. 

संगठनात्मक दौरा और भविष्य की रणनीति

पंकज चौधरी पिछले तीन दिनों से कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र के छह जिलों का दौरा कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं. बैठक में आगामी रणनीति, संगठन विस्तार और बूथ स्तर की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई. दौरा मुख्य रूप से पार्टी के आंतरिक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से किया जा रहा है.

पंकज चौधरी के बयान से साफ है कि भाजपा इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है और किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी. इस पूरे दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता से सीधे जुड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान करें.