'न नीति सही, न नीयत', INDIA गठबंधन की बैठक पर BJP सांसद दिनेश शर्मा का तीखा प्रहार
दिल्ली में हुई INDIA गठबंधन की बैठक पर BJP सांसद दिनेश शर्मा ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की न नीति सही है, न नीयत और इसका कोई भविष्य नहीं हैं.
लखनऊ: राजधानी दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक के बाद एक बार फिर सियासी माहौल गर्म हो गया है. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने इस बैठक को लेकर विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस गठबंधन की न तो नीति सही है और न ही नीयत और जब इरादे ही खोखले हों, तो किसी भी मंच की उम्र अधिक नहीं होती.
लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए दिनेश शर्मा ने कहा, 'यह बैठक महज एक दिखावा है . जो दल मिलकर बैठते हैं, वे कैमरों के सामने एकजुट नजर आते हैं, लेकिन अंदर से उनमें न विश्वास है, न साझा एजेंडा.'
'INDIA गठबंधन का कोई भविष्य नहीं'
BJP सांसद ने कहा कि INDIA गठबंधन नाम की कोई चीज टिकने वाली नहीं है. उनके मुताबिक यह दल न तो किसी एक मुद्दे पर एकमत हो सकते हैं और न ही देश की जनता को भ्रमित करने में कामयाब होंगे. शर्मा ने दो टूक कहा, 'जनता अब परिपक्व हो चुकी है. वह समझती है कि यह गठबंधन केवल सत्ता की भूख से जन्मा है, किसी राष्ट्रीय सोच या जनहित की भावना से नहीं.' उन्होंने यह भी जोड़ा कि जो दल वर्षों तक एक-दूसरे के कट्टर विरोधी रहे हों, वे महज चुनावी मजबूरी के चलते एक मंच पर आ तो सकते हैं, लेकिन दीर्घकालिक एकता उनके लिए संभव नहीं.
Also Read
विपक्ष पर भ्रम फैलाने का लगाया आरोप
दिनेश शर्मा ने विपक्षी दलों पर यह भी आरोप लगाया कि वे देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. उनका कहना था कि जब कार्यक्रम, नीतियां और नेतृत्व, तीनों में मतभेद हों, तो ऐसे जोड़-तोड़ वाले गठबंधन से आम आदमी को क्या मिलेगा? शर्मा के अनुसार, केंद्र की मोदी सरकार ने पिछले एक दशक में जो विकास का ढांचा खड़ा किया है, उसे केवल नकारात्मकता और विरोध की राजनीति से चुनौती देना संभव नहीं. उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास न कोई विकल्प है, न कोई दृष्टि. उनके पास बस आलोचना है और वह भी बिना किसी ठोस आधार के.
BJP का पक्ष बनाम विपक्ष की दलील
गौरतलब है कि INDIA गठबंधन की इस बैठक को विपक्षी दलों ने एकजुटता की मिसाल बताया था. उनका तर्क था कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए इस तरह की एकता ज़रूरी है. हालांकि BJP लगातार इस गठबंधन को अवसरवादी करार देती आई है. दिनेश शर्मा की यह टिप्पणी उसी सिलसिले की एक कड़ी है.
जनता की अदालत में फैसला
दिनेश शर्मा ने कहा कि देश की जनता किसी भी राजनीतिक प्रयोग को परखने में देर नहीं लगाती. जो गठबंधन महज नारों पर टिका हो, जिसके भीतर न विश्वास हो न समन्वय, उसे जनता खुद ही नकार देती है, INDIA गठबंधन का भी यही हश्र होगा.