'रामलीला मैदान 40% खाली रहा', राहुल गांधी के 10 लाख लोगों के आने के दावे पर बीजेपी का तंज

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली के बाद बीजेपी ने राहुल गांधी के 10 लाख लोगों के दावे पर सवाल उठाए और 40 प्रतिशत जगह खाली होने का दावा किया.

congress
Sagar Bhardwaj

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है. बीजेपी ने दावा किया कि रैली में 10 लाख लोगों के शामिल होने की बात कही गई थी, लेकिन मैदान का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा खाली था. बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने रविवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रैली के वीडियो और तस्वीरें दिखाईं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने 10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया था, लेकिन मौके पर बहुत कम लोग पहुंचे.

28 हजार कुर्सियों में से 5 से 7 हजार खाली होने का दावा

संबित पात्रा के मुताबिक, रामलीला मैदान में कुल 28 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं. इनमें से दोपहर 3:30 से 4 बजे के बीच करीब 5,000 से 7,000 कुर्सियां खाली थीं. उन्होंने दावा किया कि मैदान का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा भी खाली नजर आ रहा था.


चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA गठबंधन की रैली

दरअसल, INDIA गठबंधन ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित की थी. विपक्षी दलों ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए. इस रैली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए.

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगाए आरोप

रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार देश की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहे हैं और उन्होंने सबसे बड़ा अपराध किया है. राहुल गांधी ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार को जेल जाना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाना देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को फिर से मजबूत करने की दिशा में पहला कदम होगा. राहुल गांधी ने संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए INDIA गठबंधन की लड़ाई जारी रखने की बात भी कही.