संत मलूक दास महाराज की 452वीं जयंती महोत्सव में शिरकत करने वृन्दावन पहुंचे बाबा रामदेव
कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव भी शामिल हुए और उन्होंने संत समाज के साथ समय बिताया। उनके आगमन से आयोजन में और भी उत्साह देखने को मिला.
वृन्दावन में गोलोकवासी संत मलूक दास महाराज की 452वीं जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। वंशीवट स्थित मलूक पीठ आश्रम में इस अवसर पर विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है, जहां देशभर से संत-महात्मा और श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
मलूक पीठाधीश्वर संत राजेंद्र दास महाराज के सानिध्य में श्री पहाड़ी बाबा गौशाला में श्री सीताराम जी की निकुंज अष्टयाम लीला का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन में भक्ति और आध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव भी शामिल हुए और उन्होंने संत समाज के साथ समय बिताया। उनके आगमन से आयोजन में और भी उत्साह देखने को मिला।
महोत्सव के तहत कल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने का कार्यक्रम है। तय कार्यक्रम के अनुसार मोहन भागवत सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजन में रहेंगे, जबकि योगी आदित्यनाथ दोपहर 2:30 बजे से शाम 4 बजे तक कार्यक्रम में भाग लेंगे।
बताया जा रहा है कि संघ प्रमुख का यह 15 दिनों के भीतर वृन्दावन का दूसरा दौरा है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों प्रमुख हस्तियों की संत समाज के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी हो सकती है।
प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद कर दिया है, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।