अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर लखनऊ में भव्य आयोजन, CM योगी होंगे मुख्य अतिथि
पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर लखनऊ में अटल स्मृति संध्या का आयोजन किया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे. इससे पहले सीएम योगी लोकभवन में अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे.
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनके राष्ट्र और लोकतंत्र के लिए योगदान को नमन किया. सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अटल बिहारी वाजपेयी राष्ट्रनिष्ठा, लोकतांत्रिक मूल्यों और आदर्श राजनीति के प्रतीक थे. उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने विचार, आचरण और जीवन के जरिए भारतीय राजनीति में नैतिकता और राष्ट्रसेवा के ऊंचे मानक स्थापित किए. मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन को राष्ट्र प्रथम की भावना का उदाहरण बताया और कहा कि उनके विचार आज भी विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरणा देते हैं.
लोकभवन में अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि
पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित लोकभवन पहुंचेंगे. यहां वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे. इस दौरान अटल बिहारी वाजपेयी के सार्वजनिक जीवन और देश के लिए उनके योगदान को याद किया जाएगा. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर लखनऊ में अटल स्मृति संध्या का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम पं. अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित होगा. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे. इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ नेता, भाजपा संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे.
कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा और भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे.
Also Read
- 'मुझे बदनाम करने के लिए मेरे खिलाफ खेल हुआ', आशीष बनर्जी ने कथित सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप; जानें और क्या लिखा
- करनाल में भयावह हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट में आया श्रद्धालुओं से भरा कैंटर; बच्चे समेत 15 लोग जख्मी
- अतीक के घर पहुंचीं पल्लवी पटेल, बेटे अबान की मौत के बाद अहजम से मुलाकात ने बढ़ाई सियासी हलचल
अशोक चक्रधर करेंगे विशेष काव्य पाठ
अटल स्मृति संध्या को खास बनाने के लिए साहित्यिक कार्यक्रम भी रखा गया है. अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार अशोक चक्रधर एकल काव्य पाठ प्रस्तुत करेंगे. कार्यक्रम की जानकारी उप मुख्यमंत्री और आयोजन के संयोजक ब्रजेश पाठक ने दी है. अटल बिहारी वाजपेयी खुद भी कविता और साहित्य से गहरे जुड़े हुए थे. ऐसे में उनकी पुण्यतिथि पर काव्य पाठ कार्यक्रम का खास महत्व माना जा रहा है.
अटल बिहारी वाजपेयी का राजनीतिक जीवन चार दशक से भी अधिक लंबा रहा. वह देश के तीन बार प्रधानमंत्री बने और भारतीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई. उनका प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार जैसे बड़े फैसलों के लिए याद किया जाता है. अटल बिहारी वाजपेयी को 2015 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था. उनकी पहचान एक ऐसे राजनेता के रूप में रही, जिन्होंने राजनीति के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों और संवाद को भी महत्व दिया.