प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में परास्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है. विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न विषयों का चौथा कटऑफ जारी कर दिया है. इसके साथ ही अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण, दस्तावेज अपलोड, सत्यापन और फीस जमा करने की समय-सीमा भी घोषित कर दी गई है. जिन अभ्यर्थियों का नाम इस सूची में शामिल है, उन्हें निर्धारित समय के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके.
विश्वविद्यालय के अनुसार, चयनित अभ्यर्थी 19 जुलाई से 20 जुलाई को दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. इसी अवधि में सभी आवश्यक शैक्षिक प्रमाणपत्र भी अपलोड करने होंगे. दस्तावेजों का सत्यापन और प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम समय-सीमा 20 जुलाई को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है.
चौथे कटऑफ में कई विभागों के लिए नई मेरिट जारी की गई है. वनस्पति विज्ञान (कृषि सूक्ष्मजीव विज्ञान) में ईडब्ल्यूएस का कटऑफ 79.2 और एससी का 98 अंक रखा गया है. भौतिक विज्ञान में ईडब्ल्यूएस के लिए 114, ओबीसी के लिए 122 और एससी वर्ग के लिए 22 अंक या उससे अधिक अंक आवश्यक हैं.
एमए अंग्रेजी साहित्य में सामान्य वर्ग का कटऑफ 188, ओबीसी का 150, ईडब्ल्यूएस का 152 और एससी का 90.10 अंक तय किया गया है. संगीत (गायन) में सामान्य वर्ग के लिए 112 और ईडब्ल्यूएस के लिए 84 अंक निर्धारित किए गए हैं. वहीं एमए शिक्षा में ओबीसी का कटऑफ 90 और एससी का 26 अंक है. एमएड में एससी वर्ग के लिए नया कटऑफ 125 अंक घोषित किया गया है.
सदनलाल सांवलदास खन्ना महिला महाविद्यालय के बीएड द्विवर्षीय पाठ्यक्रम (2026-28) की पहली मेरिट सूची भी जारी कर दी गई है. इसमें कला, विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के सामान्य, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है. चयनित अभ्यर्थी 20 जुलाई को महाविद्यालय में संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज ने भी परास्नातक प्रवेश के लिए नया कटऑफ घोषित किया है. अर्थशास्त्र का कटऑफ 85, प्राचीन इतिहास 110, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास 120, हिंदी 125, अंग्रेजी 125, समाजशास्त्र 110, राजनीतिशास्त्र 160 और एमकॉम का कटऑफ 127 अंक निर्धारित किया गया है.