समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण काम की शुरुआत से पहले संतों का आशीर्वाद लेना भारतीय परंपरा का हिस्सा है.
मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने बताया कि वह खास तौर पर शंकराचार्य का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे थे. जब उनसे पूछा गया कि क्या यह मुलाकात 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से जुड़ी है, तो उन्होंने कहा कि राजनीति में लोग अक्सर अलग-अलग बातें करते रहते हैं, खासकर सोशल मीडिया के दौर में लेकिन उनकी यह मुलाकात केवल आशीर्वाद लेने के लिए थी.
सपा प्रमुख ने कहा कि शंकराचार्य का आशीर्वाद समाज में सच्चे और नकली संतों के बीच फर्क समझने में भी मदद करेगा. हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि समाज को सही मार्गदर्शन देने वाले संतों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है.
जिनके ध्यान मात्र से मिलता आशीर्वाद है
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 12, 2026
उनके साक्षात् दर्शन का मिला सौभाग्य है!
सच्चे संत का सम्मान ही सनातन का सम्मान है। pic.twitter.com/zV3tQrArRX
दरअसल शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती इन दिनों गाय संरक्षण से जुड़े अभियान के तहत देश के अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रम कर रहे हैं. इसी सिलसिले में वह एक दिन पहले लखनऊ पहुंचे थे. इस दौरान अखिलेश यादव ने भी उनसे इस विषय पर चर्चा की.
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार के समय भी गायों के संरक्षण के लिए कई कदम उठाए गए थे. उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में कन्नौज में उत्तर प्रदेश का पहला गाय के दूध से जुड़ा प्लांट स्थापित किया गया था. उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार में बचपन से ही गायों की सेवा की परंपरा रही है और आज भी घर में बनने वाली पहली रोटी गाय को दी जाती है.
राजनीतिक मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी के भीतर टिकट को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं. उनके अनुसार कई जिलों में बैठकों के जरिए यह तय किया जा रहा है कि किन नेताओं को टिकट मिलेगा और किनका टिकट काटा जा सकता है. इसके अलावा अखिलेश यादव ने कुछ शहरों में एलपीजी गैस की कमी की खबरों पर भी चिंता जताई और कहा कि सरकार को इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए ताकि आम लोगों को परेशानी न हो.