menu-icon
India Daily

....तो टूट जाती समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव ने किया परिवारवाद का बचाव

अखिलेश यादव ने परिवारवाद को सपा के लिए फायदे का सौदा बताया. उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के पांच सांसदों समेत अन्य नेताओं ने पार्टी को टूटने से बचाया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
....तो टूट जाती समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव ने किया परिवारवाद का बचाव
Courtesy: X

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिवारवाद के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है. शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि परिवारवाद के कुछ फायदे भी होते हैं. उन्होंने दावा किया कि एक ही परिवार के पांच सांसद होने की वजह से सपा टूटने से बची.

‘5 सांसद एक ही परिवार के थे, इसलिए पार्टी नहीं टूटी’

अखिलेश यादव ने कहा कि कई राजनीतिक दल टूट गए, लेकिन सपा क्यों नहीं टूटी, इस पर भी विचार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि पार्टी में पांच सांसद एक ही परिवार से थे. इसके अलावा कुछ मुस्लिम सांसद और पक्के समाजवादी नेता भी थे, जिससे पार्टी को एकजुट रखने में मदद मिली.

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान बदलने की कोशिश को जनता ने नाकाम कर दिया. अखिलेश ने आरोप लगाया कि आज सच बोलने पर पाबंदी है और बुनियादी सवाल उठाने वालों को निशाना बनाया जा रहा है.

AI और रोजगार पर बोले अखिलेश

सपा प्रमुख ने कहा कि इंटरनेट, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से बदल रहे हैं. नई पीढ़ी की आकांक्षाओं के मुताबिक काम नहीं किया गया तो रोजगार के अवसरों में पिछड़ने का खतरा है. उन्होंने किसानों के लिए भी AI के इस्तेमाल की जरूरत बताई.

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी चुनाव की तैयारी कर रही है और जल्द ही उसका काम दिखाई देगा. PDA पर उन्होंने कहा कि इसके सिद्धांत नहीं बदलेंगे. PDA का अर्थ प्रेम, दया और अपनापन भी है. उन्होंने कहा कि जितना पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही PDA आगे बढ़ेगा.

‘सच बोलना भी गुनाह हो गया’

जयंत चौधरी से जुड़े ‘चवन्नी’ विवाद पर अखिलेश ने कहा कि सच बोलना भी गलत माना जाने लगा है. उन्होंने साफ किया कि सपा गठबंधन तोड़ने वाली पार्टी नहीं है और मौजूदा गठबंधन बना रहेगा.