लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना घटी जिसमें एक पूरे परिवार की तीन जिंदगियां खत्म हो गईं. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी मानस ने अपनी पत्नी दिव्या को उनकी बैंक ब्रांच के बाहर गोली मार दी. इसके बाद वह सीधे अपने घर पहुंचा और अपनी मानसिक रूप से बीमार छोटी बहन की हत्या कर दी. फिर व्हाट्सऐप पर स्टेटस डालकर खुद को भी गोली मार ली. इस पूरे कांड में तीन अवैध पिस्तौल इस्तेमाल हुईं.
मानस आर्थिक रूप से मजबूत परिवार से था. उनके पिता भी बैंक में अधिकारी रह चुके थे. मानस खुद एसबीआई में अधिकारी था और पत्नी दिव्या आईसीआईसीआई बैंक में अच्छे पद पर काम करती थीं. गोमतीनगर हुसेड़िया में उनका बड़ा मकान था जिसमें एक रेस्टोरेंट भी किराए पर चल रहा था. माता-पिता की मृत्यु के बाद छोटी बहन की पूरी जिम्मेदारी मानस पर आ गई थी. वह अपनी बहन से बहुत प्यार करता था. कहीं भी बाहर घूमने जाता तो बहन को साथ ले जाता. परिवार के लोगों के अनुसार बहन को वह कभी अकेला नहीं छोड़ता था.
करीब दस महीने पहले पत्नी दिव्या मायके चली गईं और तलाक की अर्जी भी डाल दी. इससे मानस अकेला पड़ गया और उसका मन टूटने लगा. दिव्या को मानस की बहन के साथ रहना और घूमना पसंद नहीं था. परिवार के सदस्यों का कहना है कि दिव्या का बहन के प्रति रवैया नकारात्मक था, जो मानस को अंदर से बहुत परेशान करता था.
मानस ने अपने व्हाट्सऐप स्टेटस में पत्नी की बहन और जीजा का जिक्र करते हुए लिखा कि वे सब कुछ जानते हैं. इससे परिवार में दखलंदाजी के कयास लगने लगे. मानस के सब्र का बांध टूट चुका था. उसने असलहे जुटाए और यह खौफनाक कदम उठा लिया.
यह घटना पूरे इलाके में कोहराम मचा गई. पड़ोसी और परिचित हैरान हैं कि इतना पढ़ा-लिखा और आर्थिक रूप से संपन्न व्यक्ति इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकता है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मानस की बहन की जिम्मेदारी और पत्नी से बिगड़े रिश्ते ने उसे धर्मसंकट में डाल दिया था. अंत में उसने सब कुछ खत्म करने का फैसला कर लिया.