FIFA World Cup 2026

नोएडा वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भरने को तैयार अकासा एयर, जानें पूरा शेड्यूल और किराया

अकासा एयर 16 जून 2026 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए रोजाना डायरेक्ट फ्लाइट्स शुरू करेगी. टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. चलिए जानते हैं डिटेल्स.

Pinterest
Km Jaya

नोएडा: अकासा एयर ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं शुरू करने का बड़ा ऐलान किया है. एयरलाइन 16 जून 2026 से यहां से अपनी नियमित फ्लाइट्स का संचालन शुरू करेगी. इंडिगो के बाद अब अकासा एयर भी नोएडा एयरपोर्ट से यात्रियों को सीधी उड़ानों की सुविधा देगी.

एयरलाइन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार शुरुआत में बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए रोजाना डायरेक्ट फ्लाइट्स चलाई जाएंगी. इन दोनों रूट्स पर यात्रियों की मांग और आगे की कनेक्टिविटी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.

अकासा एयर ने क्या की घोषणा?

अकासा एयर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस सेवा की घोषणा की. इसके साथ ही टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी गई है. यात्री एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट, एंड्रॉयड और आईओएस ऐप के अलावा कई ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म से टिकट बुक कर सकते हैं.


क्या-क्या मिलेंगी सुविधाएं?

एयरलाइन ने यह भी बताया कि एयरपोर्ट परिसर में एक एमआरओ यानी मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल सुविधा भी शुरू की जाएगी. यहां विमानों की मरम्मत और रखरखाव से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे ऑपरेशन को और सुरक्षित व बेहतर बनाया जा सकेगा.

क्या है फ्लाइट का टाइम टेबल?

फ्लाइट टाइम टेबल की बात करें तो बेंगलुरु से नोएडा आने वाली फ्लाइट QP 1575 शाम 4:25 बजे उड़ान भरेगी और शाम 7:15 बजे पहुंचेगी. वहीं नोएडा से बेंगलुरु जाने वाली QP 1576 फ्लाइट रोज शाम 7:55 बजे से रवाना होगी और रात 11 बजे पहुंचेगी.

नवी मुंबई से नोएडा आने वाली फ्लाइट QP 2017 सुबह 7:25 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 9:35 बजे पहुंचेगी. वहीं नोएडा से नवी मुंबई जाने वाली फ्लाइट QP 2018 सुबह 10:15 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:30 बजे पहुंचेगी.

कितना लगेगा किराया?

किराए की बात करें तो नोएडा से नवी मुंबई की फ्लाइट का शुरुआती किराया 6,506 रुपये रखा गया है. वहीं नोएडा से बेंगलुरु जाने के लिए यात्रियों को 8,532 रुपये खर्च करने होंगे.

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत होने से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.