menu-icon
India Daily

राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, बारिश ने दी राहत; जयपुर सहित इन जिलों में आंधी तुफान का अलर्ट

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ने अचानक करवट ली है. जयपुर सहित आसपास के कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने आज 10 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, बारिश ने दी राहत; जयपुर सहित इन जिलों में आंधी तुफान का अलर्ट
Courtesy: X

जयपुर: राजस्थान में लंबे समय से बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है. उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. शनिवार देर रात जयपुर सहित कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं हैं. इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग का कहना है कि इस सिस्टम का असर अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकता है.

दिन के समय आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही. सूरज की तपिश कम होने से कई शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई. इससे प्रदेश के लोगों को चिलचिलाती धूप से थोड़ी राहत मिली है.

शनिवार रात जयपुर और आसपास के जिलों में बारिश

शनिवार देर रात राजधानी जयपुर के साथ टोंक, अजमेर और दौसा समेत कई इलाकों में मौसम अचानक बदल गया है. पहले तेज धूलभरी हवाएं चलीं और इसके बाद हल्की बारिश शुरू हो गई. इस बारिश से रात के तापमान में गिरावट आई. दिनभर बादलों की आवाजाही के कारण गर्मी का असर भी कम रहा.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जयपुर, कोटा और जोधपुर जैसे बड़े शहरों के अधिकतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है. अब प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है. इससे लोगों को बड़ी राहत मिली है.

आज इन 10 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आज भी मौसम का यह सिस्टम सक्रिय रहेगा. विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है. मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक लगभग 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. आंधी के दौरान धूलभरी हवाएं चलने और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. इसके कारण दिन के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है. हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 16 और 17 मार्च को मौसम फिर से साफ और शुष्क हो सकता है.

18 मार्च से फिर सक्रिय होगा नया सिस्टम

मौसम विभाग ने राहत के साथ एक चेतावनी भी दी है. विभाग के अनुसार 18 मार्च से राजस्थान में एक और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इस नए सिस्टम के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है.