जयपुर: राजस्थान में मौसम एक बार फिर बदल रहा है. राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं. पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. हालांकि कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. जिसके वजह भीषण गर्मी के बीच तापमान में आई गिरावट से कुछ राहत मिल सकती है.
हालांकि यह राहत बहुत लंबे समय तक रहने की संभावना नहीं है. अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि भी संभव है. रेगिस्तानी इलाकों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है.
एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभागों के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है.
अलवर, डीग, झुंझुनू, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, चूरू और हनुमानगढ़ जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में गरज, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुभव हो सकता है. इसके विपरीत, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर और श्री गंगानगर जैसे इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा.
पिछले दिन अधिकतम तापमान बाड़मेर में 42.9 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 41.4 डिग्री दर्ज किया गया था. कई जगहों पर तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट देखी गई. 17 अप्रैल को भी अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट की संभावना बनी हुई है, जबकि न्यूनतम तापमान में बहुत मामूली बदलाव होने की उम्मीद है. सबसे कम तापमान फतेहपुर में 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 18 और 19 अप्रैल को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. 20 अप्रैल के आसपास एक नया और कमजोर 'पश्चिमी विक्षोभ' सक्रिय होने की उम्मीद है, जिसके कारण कुछ इलाकों में फिर से गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
मौसम में इस तरह के लगातार बदलाव से लोगों को सावधान रहने की जरूरत है. खासकर आंधी और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है.