menu-icon
India Daily

उदयपुर में रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराकर ट्रेलर में घुसी कार; 2 मेडिकल छात्रों की दर्दनाक मौत

उदयपुर के देबारी-अंबेरी नेशनल हाईवे पर शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर रॉन्ग साइड में जाकर ट्रेलर से भिड़ गई.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
उदयपुर में रफ्तार का कहर, डिवाइडर से टकराकर ट्रेलर में घुसी कार; 2 मेडिकल छात्रों की दर्दनाक मौत
Courtesy: Pinterest

राजस्थान के उदयपुर में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो मेडिकल छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा देबारी-अंबेरी नेशनल हाईवे पर प्रतापनगर थाना क्षेत्र में हुआ. तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद रॉन्ग साइड में जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

जानकारी के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे रामदेवजी मंदिर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुआ. टक्कर की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थानाधिकारी अजयसिंह राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. कार की हालत इतनी खराब थी कि उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

कैसी है अभी घायलों की स्थिति?

पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने एक युवक और एक युवती को मृत घोषित कर दिया. हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे मृतक

मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी उदय बंसल पुत्र दिलीप बंसल और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी 25 वर्षीय रुचिका परिहार पुत्री रघुनाथ परिहार के रूप में हुई है. वहीं घायल शशांक सिंह हरियाणा के रहने वाले हैं. उनके साथ घायल एक अन्य युवती की पहचान अभी सामने नहीं आई है.

चारों मेडिकल कॉलेज में कर रहे थे MBBS की पढ़ाई

एडिशनल एसपी उमेश ओझा के अनुसार कार में सवार चारों युवक-युवतियां उदयपुर के उमरड़ा स्थित पेसिफिक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे. हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है.