menu-icon
India Daily

Rajasthan Road Accident: राजस्थान में दो भीषण सड़क हादसे, 12 लोगों की मौत; कई घायल

​​​​​​​Rajasthan Road Accident: राजस्थान में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं.  कोटा-उदयपुर हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी एक खड़े ट्रक से टकरा गई.

Shilpa Shrivastava
Rajasthan Road Accident: राजस्थान में दो भीषण सड़क हादसे, 12 लोगों की मौत; कई घायल
Courtesy: ANI X

Rajasthan Road Accident: राजस्थान में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं.  कोटा-उदयपुर हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी एक खड़े ट्रक से टकरा गई. इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए.  वहीं, जोधपुर में कार और टेंपो की टक्कर में 3 लोगों की जान चली गई और करीब 15 लोग घायल हुए. 

कोटा-उदयपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: 

पहला हादसा देर रात शंभूपुरा के पास हुआ.  जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं को लेकर जा रही गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई.  वाहन में कुल 16 लोग सवार थे.  सभी लोग महाराष्ट्र लौट रहे थे और इससे पहले खाटू श्याम के दर्शन करने गए थे.  बताया जा रहा है कि सभी एक ही परिवार के सदस्य थे. 

एडिशनल जिला कलेक्टर राजेश जोशी के मुताबिक, हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है.  घायलों को अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराया जा रहा है.  मृतकों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है.  एक घायल ने बताया कि समूह की कई गाड़ियां साथ चल रही थीं, लेकिन कुछ वाहन पीछे रह गए थे.  तभी एक महिला का फोन आया कि दुर्घटना हो गई है.  इसके बाद वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. 

जोधपुर में कार और टेंपो की टक्कर: 

दूसरा हादसा जोधपुर में हुआ, जहां एक कार टेंपो से टकरा गई.  इस दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई और करीब 15 लोग घायल हुए.  घायलों को चार एंबुलेंस से मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया.  प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुजरात का एक परिवार रामदेवरा के दर्शन कर लौट रहा था.  इसी दौरान उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई.  अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं और सभी का इलाज जारी है.