अजमेर में तंत्र-मंत्र करने वाले किरायेदार ने मकान मालिक पर चला दी गोली, 16 साल का छात्र घायल
अजमेर के कुंदन नगर में किराए के छोटे से विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया. खादिम गुलरेज चिश्ती ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी, जिसमें बीच बचाव करने वाला 16 वर्षीय छात्र गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया.
अजमेर: राजस्थान के अजमेर शहर में एक साधारण किराए का मामला अचानक हिंसक घटना में बदल गया. फुस की कोठी इलाके में रहने वाले किरायेदार ने मकान मालिक से झगड़ते हुए देसी कट्टा निकालकर गोली चला दी. इस फायरिंग में एक नाबालिग छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
कैसे हुई पूरी घटना
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कुंदन नगर में मंगलवार को किराए को लेकर कहासुनी शुरू हुई. धीरे-धीरे यह झगड़ा मारपीट में बदल गया. आरोपी गुलरेज चिश्ती ने अचानक हथियार निकाला और फायरिंग कर दी. उसका निशाना मकान मालिक पर था, लेकिन गोली पास में खड़े 16 साल के छात्र के हाथ में लग गई. छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है.
आरोपी ने क्या कहा?
गुलरेज चिश्ती ने पुलिस को बताया कि मकान मालिक पक्ष के लोग लगातार उससे झगड़ा करते थे. घटना के दिन उन्होंने उस पर हमला कर दिया जिससे उसे चोटें आईं. उसने खुद को बचाने के लिए फायरिंग की थी. आरोपी का दावा है कि वह आत्मरक्षा में यह कदम उठाने को मजबूर हुआ. पुलिस उसके बयान की जांच कर रही है.
Also Read
मकान मालिक का आरोप
मकान मालिक आयशा ने कहा कि गुलरेज पिछले पांच महीने से किराया नहीं दे रहा था. वह कमरे में तंत्र-मंत्र की क्रियाएं करता था और ताबीज जलाता था. विरोध करने पर आरोपी ने पहले सरिया से हमला करने की कोशिश की फिर गोली चला दी. आयशा का कहना है कि गोली उन्हें निशाना बनाकर चलाई गई थी.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गुलरेज चिश्ती को हिरासत में ले लिया. उसके पास से देसी कट्टा बरामद हुए हैं. सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच जारी है. थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा. घायल छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है.