हीरे, नीलम और माणिक से भरा खजाना; जानें जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार में क्या-क्या है
पुरी के जगन्नाथ मंदिर में करीब 48 साल बाद रत्न भंडार की विस्तृत इन्वेंट्री की जा रही है. अब तक 19 दिनों में 103 घंटे 50 मिनट तक हीरे, नीलम, मोती और माणिक जैसे कीमती रत्नों की जांच हो चुकी है.
ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर का रत्न भंडार एक बार फिर चर्चा में है. करीब 48 साल बाद मंदिर के खजाने में रखे सोने-चांदी के आभूषणों और बेशकीमती रत्नों की विस्तृत इन्वेंट्री की जा रही है. हीरे, नीलम, मोती और माणिक जैसे रत्नों की जांच में अब तक 103 घंटे से ज्यादा का समय लग चुका है. खास बात यह है कि रत्न भंडार में रखे तीन बड़े लकड़ी के संदूक अभी खुलने बाकी हैं.
ओडिशा के पुरी में स्थित भगवान जगन्नाथ का मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. 12वीं सदी में बने इस मंदिर की पहचान सिर्फ इसकी धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां सदियों पुराना इतिहास और बेशकीमती खजाना भी मौजूद है. मंदिर के रत्न भंडार में सोने-चांदी के आभूषणों के अलावा हीरे, नीलम, मोती और माणिक जैसे कीमती रत्न रखे हुए हैं.
मंदिर प्रशासन ने क्या बताया?
इस खजाने की पिछली विस्तृत इन्वेंट्री साल 1978 में हुई थी. इसके बाद मार्च 2026 में दोबारा यह प्रक्रिया शुरू की गई यानी करीब 48 साल बाद मंदिर के खजाने में मौजूद हर कीमती वस्तु का हिसाब तैयार किया जा रहा है. 27 नवंबर को मंदिर प्रशासन ने बताया कि 19 दिनों में कुल 103 घंटे 50 मिनट तक इन्वेंट्री का काम किया जा चुका है.
Also Read
एक-एक आभूषण की जांच में लग रहा एक घंटा
रत्न भंडार में रखे आभूषणों की गिनती करना आसान काम नहीं है. इसकी सबसे बड़ी वजह इन आभूषणों में जड़े कीमती रत्न हैं. किसी आभूषण में हीरे लगे हैं तो किसी में नीलम, मोती और माणिक. ऐसे में हर रत्न की पहचान, उसकी स्थिति और उससे जुड़ी जानकारी दर्ज करनी पड़ रही है.
इस काम के लिए अनुभवी जेमोलॉजिस्ट यानी रत्न विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है. वे प्रत्येक आभूषण की बारीकी से जांच कर रहे हैं. इसके बाद उसकी फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और 3D मैपिंग के जरिए डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है. मंदिर प्रशासन के मुताबिक, एक आभूषण की जांच में कम से कम एक घंटा लग रहा है. श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाढ़ी ने बताया कि इस प्रक्रिया में जल्दबाजी नहीं की जा रही है. करीब पांच दशक बाद हो रही इस इन्वेंट्री में हर चीज का सही रिकॉर्ड तैयार करना प्राथमिकता है.
तीन बड़े संदूकों के खुलने का इंतजार
रत्न भंडार में तीन बड़े लकड़ी के संदूक रखे हुए हैं, जिनमें काफी कीमती सामान मौजूद होने की बात कही गई है. इन संदूकों की इन्वेंट्री अभी बाकी है. अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि रत्न भंडार का भीतरी कमरा काफी छोटा है. इसका आकार लगभग 15 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा बताया गया है. ऐसी स्थिति में संदूकों को उसी कमरे में खोलकर उनके भीतर रखे आभूषणों की जांच करना मुश्किल हो रहा है. इसलिए मंदिर प्रशासन ने इन संदूकों को रत्न भंडार क्षेत्र के भीतर ही दूसरे कमरे में ले जाकर उनकी इन्वेंट्री करने की योजना बनाई है.
अरबिंद पाढ़ी के मुताबिक, इस काम के लिए राज्य सरकार और मंदिर प्रबंधन समिति से अनुमति मिल चुकी है. हालांकि, कानून के प्रावधानों के तहत रत्न भंडार के भीतरी कक्ष से कोई सामान मंदिर परिसर से बाहर नहीं ले जाया जाएगा. जरूरत पड़ने पर सामान को उसी रत्न भंडार क्षेत्र के दूसरे कमरे में ले जाकर जांच की जा सकती है.
जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार के कितने हिस्से हैं?
भगवान जगन्नाथ मंदिर का रत्न भंडार मुख्य रूप से तीन हिस्सों में बांटा गया है. इनमें चलंती भंडार, बाहर भंडार और भीतर भंडार शामिल हैं. चलंती भंडार में उन आभूषणों और कीमती वस्तुओं को रखा जाता है, जिनका इस्तेमाल नियमित रूप से भगवान के श्रृंगार और धार्मिक आयोजनों में होता है. बाहर भंडार रत्न भंडार का बाहरी कक्ष है, जबकि भीतर भंडार सबसे अंदर का कमरा है.
मंदिर प्रशासन के अनुसार, चलंती भंडार और बाहर भंडार की इन्वेंट्री पूरी हो चुकी है. फिलहाल भीतर भंडार में रखे सामान की गिनती और वजन किया जा रहा है. इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी एक अधिकृत समिति कर रही है, जिसकी अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति बिस्वनाथ रथ कर रहे हैं. समिति के सदस्य और विशेषज्ञ प्रत्येक वस्तु का रिकॉर्ड तैयार करने में जुटे हैं.
1978 के रिकॉर्ड से कितना मेल खा रहा खजाना?
इस इन्वेंट्री का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य पुराने रिकॉर्ड से मौजूदा आभूषणों का मिलान करना भी है. मंदिर प्रशासन के मुताबिक, अब तक जिन हीरे, नीलम, मोती और माणिक जैसे कीमती रत्नों की जांच की गई है, वे 1978 में तैयार किए गए रिकॉर्ड से मेल खाते पाए गए हैं. हालांकि, अभी पूरी प्रक्रिया समाप्त नहीं हुई है. भीतर भंडार की जांच जारी है और तीन बड़े संदूकों का खुलना बाकी है. ऐसे में अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही खजाने में मौजूद सभी वस्तुओं की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी.