menu-icon
India Daily

जयपुर में गुलाबी हाथी बना विवाद की वजह, विदेशी मॉडल के फोटोशूट पर मचा बवाल; वीडियो देख भड़के लोग

जयपुर में एक विदेशी फोटोग्राफर द्वारा हाथी को गुलाबी रंग में रंगकर किए गए फोटोशूट पर विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर इसे जानवरों के शोषण के रूप में देखा जा रहा है, जबकि वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
जयपुर में गुलाबी हाथी बना विवाद की वजह, विदेशी मॉडल के फोटोशूट पर मचा बवाल; वीडियो देख भड़के लोग
Courtesy: @julia.buruleva instagram account

जयपुर: जयपुर में एक विदेशी आर्ट फोटोग्राफर के फोटोशूट ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. जूलिया बुरुलेवा नाम की फोटोग्राफर द्वारा एक हाथी को गुलाबी रंग में रंगकर किए गए फोटोशूट की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिसके बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है.

वायरल तस्वीरों में एक मॉडल गुलाबी रंग से रंगे हाथी पर बैठकर पोज देती नजर आ रही है. यह फोटोशूट भगवान गणेश को समर्पित एक परित्यक्त मंदिर परिसर में किया गया था. फोटोग्राफर ने इसे अपने प्रोजेक्ट के लिए परफेक्ट लोकेशन बताया और कहा कि राजस्थान में हाथी एक प्रमुख सांस्कृतिक प्रतीक हैं, इसलिए उन्हें अपने काम में शामिल करना जरूरी लगा.

फोटोग्राफर ने सोशल मीडिया पर क्या कहा?

फोटोग्राफर ने सोशल मीडिया पर बताया कि इस फोटोशूट की तैयारी के लिए उन्होंने कई हफ्तों तक जयपुर में समय बिताया. उन्होंने लोकेशन खोजने, अनुमति लेने और हाथियों के साथ काम करने के लिए कई जगहों का दौरा किया. उन्होंने यह भी दावा किया कि हाथी पर इस्तेमाल किया गया रंग ऑर्गेनिक और सुरक्षित था, जिससे जानवर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा.

सोशल मीडिया यूजर्स ने क्या दी प्रतिक्रिया?

हालांकि इन दावों के बावजूद सोशल मीडिया पर इस फोटोशूट की कड़ी आलोचना हो रही है. कई यूजर्स और पशु प्रेमियों ने इसे जानवरों का शोषण और अमानवीय व्यवहार बताया है. लोगों का कहना है कि केवल सौंदर्य या कला के लिए किसी जीवित जानवर को इस तरह रंगना और इस्तेमाल करना गलत है.

क्या दिए सुझाव?

कई यूजर्स ने यह भी सुझाव दिया कि ऐसे विजुअल इफेक्ट के लिए डिजिटल तकनीक या एआई का इस्तेमाल किया जा सकता था, जिससे किसी जानवर को असुविधा नहीं होती. कुछ लोगों ने धार्मिक भावना से भी इसे जोड़ते हुए कहा कि भगवान गणेश के संदर्भ में इस तरह का प्रयोग सांस्कृतिक रूप से अनुचित है.

वन विभाग के अधिकारियों ने क्या कहा?

वन्यजीव विशेषज्ञों ने भी चिंता जताई है कि हाथियों की त्वचा संवेदनशील होती है और इस तरह के प्रयोग से उन्हें परेशानी हो सकती है. भले ही रंग ऑर्गेनिक हो, लेकिन पूरे शरीर पर रंग लगाने की प्रक्रिया जानवर के लिए तनावपूर्ण हो सकती है.

मामले ने तूल पकड़ने के बाद राजस्थान वन विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं. अधिकारी यह पता लगाएंगे कि इस फोटोशूट के दौरान किसी वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन हुआ है या नहीं.