शाहरुख-करीना के 'Daddy Cool' गाने का 30 साल पुराना कनेक्शन, 1996 में भी मचा था धमाल

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और करीना कपूर एक बार फिर अपनी जोड़ी से दर्शकों का दिल जीत रहे हैं. उनकी आने वाली फिल्म 'किंग' का नया गाना 'डैडी कूल' 27 नवंबर को रिलीज हुआ.

YouTube
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और करीना कपूर एक बार फिर अपनी जोड़ी से दर्शकों का दिल जीत रहे हैं. उनकी आने वाली फिल्म 'किंग' का नया गाना 'डैडी कूल' 27 नवंबर को रिलीज हुआ. गाना आते ही चर्चा में आ गया. इस गाने में दोनों सितारे रेट्रो डिस्को अंदाज में नजर आ रहे हैं. लेकिन इस गाने से जुड़ी एक दिलचस्प बात शायद कम लोग जानते हैं. शाहरुख करीब 30 साल पहले भी 'डैडी कूल' नाम के एक गाने का हिस्सा रह चुके हैं.

1996 की फिल्म 'चाहत' में भी था डैडी कूल:

साल 1996 में रिलीज हुई फिल्म 'चाहत' में भी 'डैडी कूल' नाम का गाना शामिल था. महेश भट्ट के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ पूजा भट्ट, राम्या कृष्णन, अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकार नजर आए थे.

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी अनु मलिक ने संभाली थी. इस गाने को सुदेश भोसले और देवांग पटेल ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसके बोल माया गोविंद ने लिखे थे. हालांकि, 1996 के गाने और 'किंग' के नए गाने का नाम एक जैसा है, लेकिन दोनों की धुन और संगीत अलग हैं.


करीना के साथ फिर दिखी शाहरुख की जोड़ी:

फिल्म 'किंग' के नए गाने में शाहरुख खान और करीना कपूर की जोड़ी नजर आ रही है. दोनों कलाकार 2011 में आई फिल्म 'रा.वन' के बाद एक बार फिर साथ दिखाई दे रहे हैं. इस गाने को अरिजीत सिंह और शिल्पा राव ने गाया है. इसके बोल कुमार ने लिखे हैं और संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है. 

गाने की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है. इसमें मशहूर डिस्को ग्रुप बोनी एम के 1976 के हिट गाने से भी जुड़ाव है. शाहरुख ने सोशल मीडिया पर गाना शेयर करते हुए करीना के साथ दोबारा काम करने की खुशी जाहिर की.

क्रिसमस से पहले रिलीज होगी 'किंग':

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म 'किंग' एक एक्शन थ्रिलर है. रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.