राजस्थान में निकाय पंचायत चुनाव से पहले BJP का मास्टर प्लान, 8 प्रकोष्ठों में नई टीम तैयार; देखें लिस्ट

राजस्थान भाजपा ने निकाय और पंचायत चुनावों से पहले 8 प्रमुख प्रकोष्ठों में नई प्रदेश टीम घोषित की है. पार्टी का लक्ष्य अलग अलग सामाजिक और पेशेवर वर्गों को संगठन से जोड़ना और चुनावी तैयारियों को मजबूत करना है.

Pinterest
Km Jaya

जयपुर: राजस्थान में निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव किया है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर पार्टी ने 8 प्रमुख प्रकोष्ठों में प्रदेश पदाधिकारियों की नई टीम घोषित की है. इन प्रकोष्ठों में विधि, व्यावसायिक, आर्थिक, चिकित्सा, पूर्व सैनिक, खेल, विशेष संपर्क और प्रवासी प्रकोष्ठ शामिल हैं. 

पार्टी की ओर से 15 अगस्त को नियुक्तियों की सूची जारी की गई. भाजपा ने प्रत्येक प्रकोष्ठ में एक प्रदेश संयोजक और चार से पांच सह संयोजकों को जिम्मेदारी दी है. इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने अलग अलग पेशेवर, सामाजिक और क्षेत्रीय वर्गों को संगठन से जोड़ने की कोशिश की है. चुनावी तैयारियों के बीच इन प्रकोष्ठों को सक्रिय करने के फैसले को भाजपा की संगठन विस्तार रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. 


विधि प्रकोष्ठ 

विधि प्रकोष्ठ में जयपुर के सौरभ सारस्वत को प्रदेश संयोजक बनाया गया है. अलवर के शिवलाल भीणा, जयपुर के भवानी सिंह राजावत, उदयपुर के महेंद्र नागदा और बीकानेर की सुमन कंवर को सह संयोजक बनाया गया है.

व्यावसायिक प्रकोष्ठ

व्यावसायिक प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी बीकानेर के सुनील झंवर को प्रदेश संयोजक के रूप में दी गई है. बालोतरा के रमेश मसाली, झुंझुनूं के सायर सिंह, उदयपुर के शरद बंसल और जयपुर की नीता दुधरा को सह संयोजक बनाया गया है.

आर्थिक प्रकोष्ठ 

आर्थिक प्रकोष्ठ में सिरोही के उत्तम प्रकाश अग्रवाल को प्रदेश संयोजक बनाया गया है. जयपुर के डॉ. राजा भोज शर्मा, अनिल अग्रवाल और श्रुति गुप्ता तथा पाली के राजेश दवे को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है.

चिकित्सा प्रकोष्ठ 

चिकित्सा प्रकोष्ठ में भीलवाड़ा के डॉ. राजा साध वैष्णव प्रदेश संयोजक होंगे. बीकानेर के डॉ. सिद्धार्थ असवाल, डीग के डॉ. सचिन जैन, जयपुर के कमलेश राठौड़ और पाली के डॉ. अमित राजपुरोहित सह संयोजक बनाए गए हैं.

सैनिक प्रकोष्ठ

पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ में जोधपुर के मेजर घनश्याम सिंह को संयोजक बनाया गया है. झुंझुनूं के रिटायर्ड कर्नल देव आनंद लोमरोड़, सीकर के कमांडर बनवारी लाल चौधरी, झुंझुनूं के विकास मालोटिया और सीकर की कविता सामोता को सह संयोजक बनाया गया है.

खेल प्रकोष्ठ

खेल प्रकोष्ठ में जयपुर के सत्यप्रकाश यादव संयोजक होंगे. बीकानेर के मन्नत अरोड़ा, झुंझुनूं के याचिंद्र सिंह, चित्तौड़गढ़ की शिवांगी कनावत और भरतपुर के अभयवीर सिंह चौधरी सह संयोजक बनाए गए हैं.

संपर्क प्रकोष्ठ

विशेष संपर्क प्रकोष्ठ में फलोदी के मनोहर पालोवाल को संयोजक बनाया गया है. नागौर के डॉ. अशोक चौधरी, जयपुर के तेज सिंह, अलवर के पवन अग्रवाल और जयपुर के सिद्धार्थ गोयनका सह संयोजक होंगे.

प्रवासी प्रकोष्ठ

प्रवासी प्रकोष्ठ में बीकानेर के अनिल जोशी संयोजक होंगे. पाली के बाबूसिंह राजगुरु और नरेश आड़ा, नागौर के प्रकाश चौधरी तथा जयपुर की भगवती बल्दवा को सह संयोजक बनाया गया है. भाजपा की ओर से जारी सूची पर प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी विजेंद्र पुनिया के हस्ताक्षर हैं. इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने चुनाव से पहले संगठन के अलग अलग वर्गों और क्षेत्रों में अपनी सक्रियता बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया है.