राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय, धौलपुर में बाढ़ जैसे हालात, आठ जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है. पिछले चौबीस घंटे में सबसे ज्यादा बारिश सवाई माधोपुर के खंडार में हुई, जहां 102 मिलीमीटर पानी गिरा.

X
Antima Pal

राजस्थान: राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है. पिछले चौबीस घंटे में सबसे ज्यादा बारिश सवाई माधोपुर के खंडार में हुई, जहां 102 मिलीमीटर पानी गिरा. करौली, भरतपुर और अलवर के कई हिस्सों में करीब तीन इंच तक बरसात दर्ज की गई. अजमेर, बारां, बूंदी, दौसा, धौलपुर, करौली, टोंक, सीकर, कोटा और भीलवाड़ा के इलाकों में एक से दो इंच तक वर्षा हुई.

राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा के पास एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है. इसके असर से जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है.

धौलपुर में बाढ़ जैसे हालात

सात सितंबर को बारां, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झालावाड़, करौली और सवाई माधोपुर जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.


धौलपुर जिले में पिछले चार दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है. शहर और गांव दोनों जगह पानी भर गया है. कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया है. ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी खड़ा हो गया है, जिससे किसानों की फसलें खराब हो रही हैं. कई घरों में पानी घुस गया है और लोगों को परेशानी हो रही है. तालाब, बांध और पोखर लबालब भर चुके हैं.

भारी बारिश के कारण कई बांधों के गेट खोले गए हैं. भरतपुर के बारैठा बांध के दो गेट खोले गए. धौलपुर के पार्वती बांध के भी दो गेट खोले गए. झालावाड़ के कालीसिंध बांध के तीन और कोटा के नवनेरा बांध के सात गेट खोले गए. धौलपुर का रामसागर डैम और सवाई माधोपुर का मानसरोवर बांध ओवरफ्लो हो रहा है.