menu-icon
India Daily

60 के मानवेंद्र ने 37 की नीरजा से रचाई शादी? परिवार ने भी किया किनारा, राजस्थान की राजनीति में घमासान!

राजस्थान के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल और नीरजा चारण के कथित संबंधों ने जसोल परिवार में विवाद पैदा कर दिया है. मां और बेटे ने परंपराओं का हवाला देते हुए इस रिश्ते को स्वीकार करने से स्पष्ट इंकार किया है.

KanhaiyaaZee
60 के मानवेंद्र ने 37 की नीरजा से रचाई शादी? परिवार ने भी किया किनारा, राजस्थान की राजनीति में घमासान!
Courtesy: Social Media

जयपुर: राजस्थान के प्रतिष्ठित राजनीतिक घरानों में शुमार जसोल परिवार इन दिनों अपनी आंतरिक कलह के कारण सुर्खियों में है. पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह जसोल का नाम नीरजा सिंह चारण के साथ जुड़ने के बाद मारवाड़ की राजनीति और समाज में हलचल तेज हो गई है. 60 वर्ष की आयु में उनके इस निजी फैसले ने परिवार के भीतर और बाहर एक नया टकराव पैदा कर दिया है.

करीब 37 वर्षीय नीरजा चारण पाली जिले की निवासी हैं, जो जोधपुर में एक ऑटोमोबाइल कंपनी में कार्यरत थीं. सूत्रों के अनुसार, उनकी और मानवेंद्र की पहली मुलाकात कार की सर्विसिंग के दौरान हुई थी. मानवेंद्र की पत्नी चित्रा सिंह के निधन के बाद, जब वे कठिन मानसिक दौर से गुजर रहे थे, तब नीरजा उनके करीब आईं. शुरुआत में यह केवल एक औपचारिक जान-पहचान थी, जो धीरे-धीरे प्रगाढ़ दोस्ती और फिर प्यार में तब्दील हो गयी.

सोशल मीडिया की तस्वीरों से बढ़ा विवाद 

इस कथित रिश्ते की चर्चा तब सार्वजनिक हुई जब सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल हुईं. जोधपुर के एक होटल में आयोजित पार्टी की तस्वीरों में मानवेंद्र और नीरजा एक-दूसरे को माला पहनाते दिखे, जिसे लोगों ने गुपचुप शादी का संकेत माना. केक पर लिखे संदेश और नीरजा की सहेली द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा की गई पोस्ट ने इन अटकलों को और हवा दे दी. हालांकि, इस बारे में दोनों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है.

मां ने घर के दरवाजे पर ही रोका 

विवाद ने तब एक और बड़ा मोड़ लिया जब मानवेंद्र की 90 वर्षीय मां शीतल कंवर ने इस रिश्ते का खुलकर विरोध किया. सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में वह अपने घर के मुख्य द्वार पर खड़ी होकर बेटे मानवेंद्र को अंदर आने से रोकती नजर आईं. शीतल कंवर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह इस नए रिश्ते को किसी भी सूरत में मान्यता नहीं देंगी. इस घटना ने पारिवारिक कलह को सबके सामने ला दिया है.

परिवार की ओर से कानूनी नोटिस 

मानवेंद्र के बेटे हमीर सिंह ने भी अपने पिता के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया है. परिवार की ओर से एक नोटिस जारी कर साफ किया गया है कि वे किसी भी 'बाहरी महिला' के साथ मानवेंद्र के संबंधों को स्वीकार नहीं करेंगे. इस विरोध में मानवेंद्र के भाई और बेटी भी शामिल बताए जा रहे हैं. नोटिस में यह तर्क दिया गया है कि यह कदम परिवार की सदियों पुरानी प्रतिष्ठा और परंपराओं के पूर्णतः विपरीत है, जिसे समाज में मान्यता नहीं दी जा सकती.

यह मामला अब केवल पारिवारिक नहीं रहा, बल्कि राजपूत समाज की परंपराओं से भी जुड़ गया है. समाज में चारण समुदाय के साथ 'बहन-बेटी' के सम्मान का नाता माना जाता है, जिससे समाज का एक वर्ग इस रिश्ते को मर्यादा के विरुद्ध देख रहा है. फिलहाल, मानवेंद्र सिंह सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय हैं लेकिन उन्होंने इस पूरे विवाद पर चुप्पी साधी हुई है.